Viral Video: आपने यह कहावत तो अक्सर सुनी होगी कि "जल ही जीवन है", लेकिन पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मुर्शिदाबाद जिले में स्थित बेलडांगा के रहने वाले इकबाल शेख के लिए यह बात बिल्कुल सच साबित हो रही है। 16 साल का इकबाल घंटों या एक-दो दिन नहीं, बल्कि लगातार 4 से 7 दिनों तक पानी में डूबा रहता है। उसका यह अजीब व्यवहार न केवल स्थानीय लोगों बल्कि हर देखने वाले को हैरान कर रहा है। अक्सर लोग गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने या किसी विशेष कला का प्रदर्शन करने के लिए ऐसी चुनौतियां लेते हैं, लेकिन इकबाल के मामले में ऐसा बिल्कुल नहीं है। पिछले 5 सालों से इकबाल ने अपना घर छोड़ दिया है और बेलडांगा शहर के अलग-अलग तालाबों में तैरते हुए अपना जीवन बिता रहा है।
इकबाल का कहना है कि जैसे ही वह पानी से बाहर निकलता है, उसके पूरे शरीर में असहनीय जलन होने लगती है। पानी में रहने से ही उसे इस जलन से राहत मिलती है। उसका दावा है कि उस पर किसी अलौकिक शक्ति या जिन्न का साया है, जिसके कारण वह पानी से दूर नहीं रह पाता। लगातार कई दिनों तक पानी में रहने के कारण इकबाल के शरीर पर इसका गंभीर असर दिख रहा है। हाथों, पैरों और शरीर की त्वचा पानी में भीगकर बेहद नरम और पीली पड़ चुकी है। इतना ही नहीं लगातार पानी के संपर्क में रहने से उसे सर्दी-खांसी और संक्रमण की समस्या हो गई है। देखें वीडियो...
इकबाल को देखने के लिए उमड़ी भीड़
जब उसे इलाज के लिए स्थानीय ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, तो उसे सही इलाज नहीं मिल सका। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उसका परिवार किसी निजी अस्पताल या विशेषज्ञ डॉक्टर से इलाज कराने में असमर्थ है। आलम ये है कि अब इकबाल चर्चा का विषय बन चुका है। इकबाल को देखने के लिए रोज तालाब के किनारे स्कूल के बच्चों और आम नागरिकों की भारी भीड़ जुटती है, मानों कोई मेला लगा हो। दयाभाव से लोग उसे खाने के लिए पोहा और बिस्कुट दे देते हैं, जिससे वह पानी में ही रहकर अपना पेट भरता है। हालांकि, अब स्थानीय लोग इकबाल की इस हालत को देखकर चिंतित हैं और उसकी चिकित्सा सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। हर किसी के मन में बस यही सवाल है कि 16 साल का यह लड़का इस तरह पानी में रहकर कब तक जीवित रह पाएगा?
