China के Shandong Province के Yantai शहर से एक दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आवारा कुत्ता लगभग तीन साल तक एक गहरे और सुनसान कुएं के अंदर फंसा रहा। लंबे समय तक कोशिशों के बाद आखिरकार बचाव दल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के मुताबिक यह सफेद रंग का कुत्ता साल 2023 में गलती से एक पुराने और परित्यक्त कुएं में गिर गया था। यह कुआं करीब 40 से 50 मीटर गहरा बताया जाता है। एक अंग्रेजी वेबसाइट के मुताबिक कुएं का मुंह बहुत संकरा था और अंदर की दीवारें फिसलन भरी थीं। इसके अलावा नीचे का रास्ता भी काफी जटिल था, जिस वजह से कुत्ते को निकालना आसान नहीं था।
कुत्ते को बाहर निकाल पाना नहीं था संभव
स्थानीय लोगों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने कुत्ते की मदद करने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि शुरुआत में उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया, लेकिन लोगों ने हार नहीं मानी। आसपास के निवासी लगातार उसे खाना देते रहे ताकि वह जिंदा रह सके। इसी वजह से वह तीन साल तक उस मुश्किल जगह में भी जीवित रह पाया। बाद में Yantai Flower Arm Animal Rescue Team के सदस्य भी इस अभियान में शामिल हुए। बचाव दल ने कुत्ते को बाहर निकालने के लिए कई तरीके अपनाए।
टीम ने करीब 40 बार कुत्ते को बचाने की कोशिश की
बताया जाता है कि टीम ने लगभग 40 बार उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हर बार कुछ न कुछ मुश्किल सामने आ जाती थी।
एक बड़ी परेशानी यह भी थी कि जब भी कोई अजनबी कुएं के पास आता, कुत्ता डरकर छिप जाता था। इससे उसे पकड़ना और भी कठिन हो जाता था। आखिरकार बचाव दल ने एक खास जाल की मदद से योजना बनाई। उन्होंने कुत्ते को धीरे-धीरे उस जाल की तरफ आने के लिए प्रेरित किया। जैसे ही कुत्ता जाल के अंदर पहुंचा, जाल सक्रिय हो गया और टीम उसे सावधानी से ऊपर खींचने में सफल रही। कुएं से बाहर आने के बाद कुत्ते को तुरंत पशु चिकित्सालय ले जाया गया।
डॉक्टरों ने जांच में पाया कि लंबे समय तक अंधेरे और कठिन परिस्थितियों में रहने के कारण उसकी आंखों की रोशनी काफी कमजोर हो गई है। फिलहाल कुत्ता अस्पताल में इलाज और निगरानी में है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग स्थानीय निवासियों और बचाव दल की खूब तारीफ कर रहे हैं। सभी लोग यही उम्मीद कर रहे हैं कि यह कुत्ता जल्द पूरी तरह ठीक हो जाए और उसे सुरक्षित और अच्छा जीवन मिले।
