Jharkhand TET Admit Card 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से आज, 15 अक्टूबर 2026 को परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी किया जाना निर्धारित है। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड जरूरी दस्तावेज है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि इसे समय रहते डाउनलोड कर लें और इसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच जरूर करें।
कहां से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड?
अभ्यर्थी झारखंड एकेडमिक काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in या झारखंड परीक्षा पोर्टल jacexamportal.in के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को अपनी लॉगिन डिटेल दर्ज करनी होगी। एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा, इसलिए इसे ऑनलाइन डाउनलोड करके प्रिंट निकालना जरूरी है।
एडमिट कार्ड में जरूर जांचें ये जानकारियां
हॉल टिकट डाउनलोड करने के बाद उम्मीदवार अपना नाम, रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी, परीक्षा की तारीख, पाली, परीक्षा केंद्र और अन्य निर्देश ध्यान से जांच लें। यदि किसी जानकारी में गलती दिखाई देती है, तो समय रहते संबंधित प्राधिकरण से संपर्क करें। परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों को भी पढ़ लें।
1 नवंबर को होगी झारखंड टीईटी परीक्षा
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड टीईटी परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। कक्षा 6 से 8 तक के लिए उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं, कक्षा 1 से 5 तक के लिए प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है। उम्मीदवारों को अपने आवेदन के अनुसार संबंधित स्तर की परीक्षा में शामिल होना होगा।
