यह कहानी सिर्फ ट्रेन यात्रा की नहीं, बल्कि इंसानियत और सेवा की है। भारत में कई बार रेल सफर सिर्फ मंज़िल तक पहुंचने का जरिया नहीं होता, बल्कि लोगों के एक-दूसरे के लिए प्यार, मदद और भाईचारे की मिसाल बन जाता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो वायरल है, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो रहा है। इस वीडियो में दिखाई गई ट्रेन है सचखंड एक्सप्रेस, जो महाराष्ट्र के नांदेड़ से पंजाब के श्री अमृतसर साहिब के बीच चलती है। इस ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि यहां सफर करने वाले यात्रियों को रास्ते में मुफ्त लंगर परोसा जाता है। मतलब चाहे कोई अमीर हो, गरीब हो, किसी भी धर्म या जाति से जुड़ा हो, हर यात्री को बराबरी के साथ खाना दिया जाता है।
सेवादार सफर के दौरान करते हैं संगत की सेवा
यही वजह है कि लोग इस ट्रेन को सिर्फ ट्रांसपोर्ट का साधन नहीं, बल्कि चलते-फिरते गुरुद्वारे की सेवा की तरह देखते हैं। वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति ने बताया कि यह इस रूट की एकमात्र ट्रेन है, जहां सेवादार सफर के दौरान संगत की सेवा करते हैं। न किसी से पहचान पूछी जाती है, न धर्म और न ही रंग-रूप देखा जाता है। बस श्रद्धा से खाना बनाया जाता है और दिल से यात्रियों तक पहुंचाया जाता है। कई लोग पहली बार यह नजारा देख हैरान रह जाते हैं, क्योंकि आम तौर पर ट्रेन की यात्रा में लोग खाने-पीने की दिक्कतों से परेशान रहते हैं।
ट्रेन लेट होने पर भी होती है लंगर सेवा
अक्सर देखा जाता है कि ट्रेन लेट हो जाए तो यात्रियों को भूखे रहना पड़ जाता है। लेकिन सचखंड एक्सप्रेस में ऐसा कभी नहीं होता। ट्रेन चाहे कई घंटे देरी से क्यों न चल रही हो, लंगर सेवा लगातार जारी रहती है। सेवादार बिना थके, बिना रुके, पूरी निष्ठा से खाने के पैकेट देते रहते हैं ताकि कोई भी भूखा न रह जाए। इस पहल से यह साबित होता है कि इंसानियत अभी भी जिंदा है। यात्रा के दौरान मिलने वाला यह लंगर सिर्फ खाना नहीं, बल्कि प्यार, बराबरी और मानवता का संदेश है। यही वजह है कि यह वीडियो लोगों के दिलों को छू रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अगर आप कभी इस ट्रेन में सफर करेंगे, तो सिर्फ यात्रा नहीं करेंगे, बल्कि एक खूबसूरत अनुभव साथ लेकर लौटेंगे।
इस वीडियो को सोशल मीडिया के X पर @Panjaab131313 नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है कि 'सचखंड एक्सप्रेस, नांदेड़ से श्री अमृतसर साहिब जाने वाली एकमात्र ट्रेन है जहां सेवादार संगत को बिना जाति, धर्म या रंग का भेदभाव किए लंगर परोसते हैं।' धन बाबा नानक। इस वीडियो को देखने के बाद यूजर्स ने भी कई तरह के कमेंट्स किए हैं। पहले ने लिखा: "काश आज के नौजवान भी ऐसे ही होते, पर उनको फुकरी पांती। छपरी गिरने से फुरसत नहीं है", दूसरे ने लिखा: "मैंने फरीदाबाद से भोपाल तक इसी ट्रेन में यात्रा की, यह एक शानदार समूह के साथ सबसे यादगार यात्राओं में से एक थी।"
