आज का वायरल वीडियो (07-DEC-2025): भारत में अक्सर पर्व-त्योहारों के दौरान मेले लगाए जाते हैं, जहां लोग अपने मनोरंजन के लिए आते हैं। मेले में झूले और कई अन्य रोमांचक चीजें भी देखने को मिलती हैं, लेकिन इन सबमें मौत के कुएं में बाइक और कार सवारों के स्टंट देखना काफी रोमांचक लगता है। जिनको मौत के कुएं का पता ना हो, उन्हें बता दें कि यह एक लकड़ी का विशाल गोलाकार ढांचा होता है, जिसकी दीवारों पर कार या बाइक तेज रफ्तार में चक्कर लगाते नजर आती हैं।
मौत के कुएं में स्टंट देखने का रोमांच
इसे देखने वाले लोगों की सांसें थम जाती हैं। लोग स्टंट कर रहे स्टंटमैन के लिए तालियां बजाते हैं, लेकिन इसी रोमांच के बीच कभी-कभी छोटी सी चूक भी हो जाती है, और यही छोटी-सी गलती जानलेवा भी साबित हो जाती है। ऐसा ही एक भयावह हादसा हाल ही में एक मेले में देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मौत के कुएं में हुई दो कारों के बीच टक्कर
वीडियो में साफ दिख रहा है कि मौत के कुएं के अंदर दो कारें एक-दूसरे के समानांतर ऊंचाई पर तेज रफ्तार में भाग रही हैं। शुरू में सबकुछ सामान्य लगा, दोनों ड्राइवर पूरे कॉन्फिडेंस के साथ कार चला रहे थे। उन्हें देखने आए दर्शक भी उनके लिए खूब चीयर कर रहे थे। लेकिन अचानक एक मोड़ पर दोनों कारें एक-दूसरे के बहुत करीब आ गईं। ड्राइवर शायद दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाए और अगले ही पल दोनों कारों में जोरदार टक्कर हो गई। दोनों कारों में टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें हवा में उछलीं और सीधे जमीन पर नीचे गिर पड़ीं। कारों के गिरते ही चारों तरफ चीखें सुनाई देने लगीं।
अफरा-तफरी में बदल गया रोमांच
इस भीषण हादसे को देख दर्शक और आयोजक बुरी तरह घबरा गए। कुछ लोग तुरंत सहायता के लिए कुएं के अंदर कूदे, तो कुछ बाहर की ओर भागे। पूरा माहौल अफरा-तफरी वाला हो गया। इस भयावह वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @jeh__rul नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। अब तक इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और हजारों ने इसे लाइक किया है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई लिख रहा है, “मौत का कुआं है तो मौत तो होगी ही।” कोई पूछ रहा है, “कोई मरा तो नहीं ना?” तो कई यूजर्स गुस्से में कह रहे हैं, “इतना खतरनाक खेल करवाते ही क्यों हो? अब किसी की जान गई तो जिम्मेदारी कौन लेगा?”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
