"जाको राखे साइयां, मार सके न कोय," ये पंक्तियां सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर एकदम सटीक बैठती हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स की स्कूटी तेज रफ्तार ट्रक से जा टकराती है। हादसे के बाद शख्स ट्रक के नीचे आ जाता है। लेकिन तभी उसके साथ कुछ ऐसा चमत्कार होता है कि खुद उसे भी इस बात का यकीन नहीं होता कि आखिर वह बच कैसे गया। अगले ही पल ट्रक को उसे पार कर वहां से निकलते हुए देखा जा सकता है।
ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में हुआ हादसा
वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक स्कूटी सवार युवक एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश करता है। इसी दौरान अचानक से संतुलन बिगड़ता है और वह ट्रक से टकरा जाता है, जिससे वह शख्स ट्रक के भारी पहियों के नीचे आ जाता है। ट्रक अगले ही पल उस शख्स को पार कर आगे निकल जाता है। वहीं, शख्स बिना किसी गंभीर चोट के सुरक्षित बाहर निकल आता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। इसे देखने के बाद लोग दांतों तले अपनी उंगली दबा ले रहे हैं। घटना का यह वीडियो सड़क किनारे लगी CCTV में कैद हो गया।
घटना का वीडियो हुआ वायरल
इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @mktyaggi नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। हैरत भरे इस एक्सीडेंट के वीडियो को देख लोगों के कमेंट्स भी आने लगे। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "ट्रक ड्राइवर को फुल क्रेडिट, लेकिन भगवान की कृपा के बिना ये संभव न था।" दूसरे ने लिखा, "भाई साहब, एक पल पहले मौत के मुंह में थे, और अगले ही पल सब नॉर्मल; उन्हें खुद ही इस बात का भरोसा नहीं हो रहा।" तीसरे ने लिखा, "बहुत भाग्यशाली इंसान है।" चौथे ने लिखा, "ईश्वर की कृपा हो गयी।" पांचवें ने लिखा, "सच में ईश्वर बहुत बड़ा होता है; उसका साथ हो तो आप मौत को भी मात दे सकते हैं।"
