NDA Women Cadets: राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) ने एक नया इतिहास रच दिया है। पहली बार दो महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में टॉप स्थान हासिल किया है। राजस्थान की गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया, जबकि दिव्या गोदारा ने आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप किया। पुणे स्थित NDA ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। दोनों महिला कैडेट्स को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि NDA में महिलाओं के लिए प्रवेश का रास्ता खुलने के चार साल बाद यह उपलब्धि सामने आई है।
गार्गी पालीवाल और दिव्या गोदारा ने किया टॉप
एनडीए की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कैडेट गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया है। उन्हें चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, कैडेट दिव्या गोदारा ने आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप किया है। उन्हें चीफ ऑफ द एयर स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा।
इस उपलब्धि के साथ दोनों महिला कैडेट्स ने एनडीए के इतिहास में पहली बार अपनी-अपनी स्ट्रीम में शीर्ष स्थान हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया है।
कौन हैं गार्गी पालीवाल?
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की रहने वाली गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में टॉप करके अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके परिवार का भी सेना से खास जुड़ाव है। गार्गी के बड़े भाई भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी बहन आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) से MBBS की पढ़ाई कर रही हैं।
अपनी उपलब्धि पर गार्गी ने कहा कि एनडीए में शुरुआत में उन्हें थोड़ी मुश्किल हुई, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने पढ़ाई और शारीरिक प्रशिक्षण दोनों में खुद को ढाल लिया। उन्होंने अपनी ट्रॉफी माता-पिता को समर्पित करते हुए कहा कि उनके सीनियर्स और इंस्ट्रक्टर्स ने काफी मदद की और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया।
पुरुष कैडेट्स ने भी हासिल किए शीर्ष स्थान
इस बार एनडीए में पुरुष कैडेट्स ने भी अपनी-अपनी स्ट्रीम में शानदार प्रदर्शन किया।
कैडेट आयुष कुमार: साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया। उन्हें चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा।
कैडेट प्रशांत कुमार: बीटेक स्ट्रीम में I-VI टर्म के ऑर्डर ऑफ मेरिट में पहला स्थान हासिल किया। उन्हें CISC, मुख्यालय IDS ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
151वें कोर्स से 365 कैडेट्स पास आउट
एनडीए के 151वें कोर्स की पासिंग आउट और दीक्षांत समारोह में कुल 365 कैडेट्स ने ग्रेजुएशन पूरा किया। इनमें मित्र देशों के 12 कैडेट्स भी शामिल हैं। इस समारोह में डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (DIAT) के कुलपति डॉ. बीएचवीएस नारायण मूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गौरतलब है कि एनडीए ने 2022 में पहली बार महिला कैडेट्स के लिए अपने दरवाजे खोले थे। इसके चार साल बाद दो महिला कैडेट्स का अपनी-अपनी स्ट्रीम में टॉप करना संस्थान के इतिहास में एक अहम उपलब्धि है।
