Ajab Gajab Shadi: उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां एक ऐसी शादी हुई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। क्योंकि, इस शादी में दूल्हे की उम्र 65 साल तो दुल्हन की उम्र 23 साल है। इतना ही नहीं दूल्हे की 6 बेटियां भी हैं और सभी की शादी भी हो चुकी है। दूल्हे का कहना है कि उसे खाना बनाने में समस्या हो रही थी, जिसके कारण उसने दूसरी शादी की। तो आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला...
65 वर्षीय दूल्हा नकछेद यादव ने 23 वर्षीय युवती नंदिनी के साथ सात फेरे लिए हैं। हिंदू रीति रिवाज के साथ अयोध्या जनपद के कामाख्या देवी मंदिर में विवाह की रस्में अदा की गई। वैवाहिक कार्यक्रम में बकायदा बराती और घराती शामिल हुए और सभी रस्में अदा की गई। अग्नि को साक्षी मानकर 65 वर्षीय बुजुर्ग नकछेद यादव ने 23 वर्षीय नंदिनी से विवाह करते हुए साथ जीने और मरने की कसमें खाई। नकछेद यादव बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के जमीन हुसैनाबाद पूरे चौधरी गांव के निवासी हैं। उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। 6 बेटियों के विवाह के बाद अकेलापन दूर करने के लिए नकछेद यादव ने विवाह किया। नकछेद का कहना है कि शादी के बाद सभी बेटियां अपने घर चली गई और मुझको खाना बनाने में समस्या हो रही थी, जिसकी वजह से हम ने दूसरी शादी की।
सोशल मीडिया पर कहानी वायरल
दोनों का कहना है कि हम इस शादी से खुश हैं। दोनों की कहानी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। कुछ लोग जहां दोनों को मुबारकबाद दे रहे हैं, तो कुछ लोग उम्र को लेकर चटकारे भी ले रहे हैं।
