वायरल न्यूज़

Ajgar viral video: यूपी के हाथरस में खेत में धूप सेंकता मिला 15 फीट लंबा अजगर, गांव में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के गांव विलारा में खेत की मेड़ पर करीब 15 फीट लंबा अजगर मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। किसान की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची और अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। लगातार दूसरे दिन अजगर निकलने से ग्रामीणों में डर बना हुआ है और लोगों ने इलाके में सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।

Image

हाथरस में खेत पर दिखा 15 फीट का अजगर, देखें वीडियो (फोटो: Times Now Navbharat)

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले (Ajgar in Hathras village) के सादाबाद तहसील क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन अजगर निकलने से गांव वालों में डर का माहौल बन गया है। ताजा मामला सादाबाद के विसावर क्षेत्र के गांव विलारा (Python found in Sadabad) का है। जहां एक किसान खेतों की ओर घूमने गया था। तभी उसकी नजर खेत की मेड़ पर धूप सेंकते हुए एक विशाल अजगर पर पड़ गई। अजगर को देखते ही किसान घबरा गया और तुरंत गांव में इसकी जानकारी दी।

कुछ ही देर में गांव में खबर फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण डर के कारण बच्चों और पशुओं को घरों के अंदर रखने लगे। सभी लोग एक-दूसरे को सावधान करने लगे कि कोई भी अकेले खेतों की ओर न जाए। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।

अजगर देखकर वहां मौजूद लोग रह गए दंग

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने काफी सावधानी और मेहनत के बाद अजगर (Python in UP village) को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया अजगर करीब 15 फीट से ज्यादा लंबा था। इतना बड़ा अजगर देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। वन विभाग की टीम अजगर को पकड़कर अपने साथ ले गई, ताकि उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जा सके। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। किसी इंसान या पशु को अजगर से चोट नहीं लगी।

हालांकि गांव वालों में डर अभी भी बना हुआ है। क्योंकि इससे पहले भी पास के इलाके में अजगर निकलने की खबर आई थी। लगातार दूसरे दिन ऐसी घटना होने से लोग ज्यादा सतर्क हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और गांव के आसपास झाड़ियों की सफाई कराई जाए और वन विभाग नियमित जांच करे। गांव वालों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में निगरानी बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। फिलहाल अजगर पकड़े जाने के बाद गांव में कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन लोग अब भी सतर्क रहने की बात कर रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article