Varanasi Crime News: सवालों के घेरे में वाराणसी चौकी इंचार्ज, युवती ने रेप का आरोप लगाकर खाया जहर, जानें मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2022, 08:23 PM IST

Varanasi Crime News: वाराणसी में सारनाथ थाने की पुरानापुल पुलिस चौकी प्रभारी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। चौकी प्रभारी पर आरोप लगाते हुए युवती ने जहर खा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर विभाग ने चौकी प्रभारी संग्राम सिंह यादव को सस्पेंड कर सारनाथ थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले की जांच रिपोर्ट आने पर दरोगा के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Varanasi Crime News: सवालों के घेरे में वाराणसी चौकी इंचार्ज, युवती ने रेप का आरोप लगाकर खाया जहर, जानें मामला
Photo Credit: Representative Image

Varanasi Crime News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सारनाथ थाने की पुरानापुल पुलिस चौकी प्रभारी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। चौकी प्रभारी पर आरोप लगाते हुए युवती ने जहर खा लिया। युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवती की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर विभाग ने चौकी प्रभारी संग्राम सिंह यादव को सस्पेंड कर सारनाथ थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश ने कहा कि मामले की जांच में अधिक देरी करने पर एसीपी सारनाथ ज्ञानप्रकाश राय को ऑफिस अटैच किया गया है। एसओ सारनाथ अर्जुन सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। एसीपी रत्नेश्वर सिंह को सारनाथ सर्किल क्षेत्र का चार्ज सौंप दिया गया है। इंस्पेक्टर धरमपाल सिंह सारनाथ थाने के नए प्रभारी निरीक्षक बनाए गए हैं। 

बेटी को बहुत पहले से जानते हैं दरोगा 

वाराणसी सारनाथ थाना के दानियालपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती की मां ने कहा कि पुरानापुल चौकी प्रभारी संग्राम सिंह यादव उनकी बेटी के पुराने जानने वाले हैं। हमारी बेटी से दरोगा की बातचीत हमेशा हुआ करती थी। दरोगा ने उनकी बेटी से शादी का वादा किया था। लेकिन कुछ दिनों से दरोगा ने उनकी बेटी से बातचीत करना बंद कर दिया। बेटी ने जब दरोगा से शादी की बात को याद दिलाया तो वह उसे धमकाने लगे। इससे दुखी होकर बेटी ने शुक्रवार की रात जहर खा लिया। बेटी को बेहोशी की हालत में आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया।

दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज

युवती की मां ने बताया कि दरोगा की धमकी के संबंध में सारनाथ थाने और वरुणा जोन के अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं सारनाथ थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने कहा कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर दरोगा संग्राम सिंह यादव के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। 

जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी विभागी कार्रवाई 

अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि 28 वर्ष की युवती ने चौकी प्रभारी पुरानापुल पर आरोप लगाए हैं। एसीपी सारनाथ को घटना की जांच सौंपी गई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक दरोगा संग्राम सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की जांच रिपोर्ट आने पर दरोगा के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!