वाराणसी: लॉकडाउन में 100 से अधिक संगठनों ने बांटे 20 लाख फूड पैकेट, इनके प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे PM मोदी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2020, 08:03 PM IST

Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के उन गैर सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे, जिन्होंने लॉकडाउन 20 लाख फूड पैकेट बांटे।

वाराणसी: लॉकडाउन में 100 से अधिक संगठनों ने बांटे 20 लाख फूड पैकेट, इनके प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे PM मोदी

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी गुरुवार को वाराणसी स्थित गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री सामाजिक संस्थाओं द्वारा लॉकडाउन में किए गए खाद्य वितरण व अन्य सहायता कार्यों को चर्चा द्वारा देश के समक्ष रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया, 'लॉकडाउन के दौरान वाराणसी में 100 से अधिक संगठनों ने जिला प्रशासन के फूड सेल और व्यक्तिगत प्रयासों के माध्यम से लगभग 20 लाख फूड पैकेट और 2 लाख ड्राई राशन किट वितरित किए। पीएम उनके अनुभवों के बारे में चर्चा करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कल ऐसे संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।'

PMO की तरफ से कहा गया, 'कोरोना महामारी के दृष्टिगत लगाए गए लॉकडाउन के दौरान वाराणसी के निवासियों तथा सामाजिक संस्थाओं द्वारा कठिन परिस्थितियों में जिला प्रशासन के माध्यम से तथा स्वयं के प्रयासों से ये सुनिश्चित किया गया कि सभी जरूरतमंदों को समय पर भोजन उपलब्ध हो। प्रधानमंत्री जी ऐसी संस्थाओं एवं उनके प्रतिनिधियों से वीडियो कांफ्रेंस के द्वारा कल वार्ता कर उनके अनुभव तथा उनके द्वारा लॉकडाउन के दौरान किये गए विभिन्न सामाजिक कार्यों को चर्चा द्वारा देश के सामने रखेंगे।'

लॉकडाउन की संपूर्ण अवधि के दौरान वाराणसी में अलग-अलग क्षेत्र से संबंधित 100 से अधिक संस्थाओं द्वारा जिला प्रशासन की फूड सेल के माध्यम से तथा व्यक्तिगत रूप से करीब 20 लाख फूड पैकेट्स तथा 2 लाख सूखे राशन किट्स का वितरण किया गया। इन संस्थाओं द्वारा भोजन वितरण के अलावा सैनिटाइजर/मास्क वितरण इत्यादि कार्य भी महामारी की रोकथाम हेतु किये गए। ज़िला प्रशासन द्वारा इन सभी को 'कोरोना वारियर्स' के रूप में सम्मानित भी किया गया है। 

इन संस्थाओं में चिकित्सा, धार्मिक, शिक्षा, सामाजिक, होटल/सामाजिक क्लब तथा व्यावसायिक क्षेत्र से संबंधित संस्थाएं शामिल हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!