उत्तर प्रदेश

यूपी में घुसपैठियों पर कार्रवाई तेज, हर मंडल में बनेंगे डिटेंशन सेंटर

यूपी सरकार ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई तेज करते हुए राज्य के सभी मंडलों में निरुद्ध केंद्र यानी डिटेंशन सेंटर बनाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 17 शहरी निकायों को अवैध रूप से रह रहे लोगों की लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान संदिग्धों को निरुद्ध केंद्रों में रखा जाएगा। जिसके बाद उन्हें उनके देशों वापस भेजा जाएगा।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फाइल फोटो (PTI)

Photo : PTI

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने कथित रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई शुरू करते हुए राज्य के हर मंडल में डिटेंशन सेंटर बनाने के आदेश जारी कर दिये हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 17 शहरी शासी निकायों को अपने अधिकार क्षेत्र में रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की विस्तृत सूची बनाने के निर्देश दिये हैं। यह सूची आगे की जांच के लिए संबंधित पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस आयुक्त को सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्ययोजना के तहत पहले चरण में पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस आयुक्त को सत्यापन प्रक्रिया के दौरान चिह्नित किये गये लोगों को रखने के लिए खास निरुद्ध केंद्र (Detention Center) बनाने का निर्देश दिया गया है।

हर मंडल में बनेंगे डिटेंशन सेंटर

अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के हर मंडल में निरुद्ध केंद्र बनाने के निर्देश दिये। इसके बाद प्रशासनिक तंत्र ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है। कई जिलों में सत्यापन, दस्तावेजीकरण और क्षेत्रीय आकलन के कार्य शुरू किये गये हैं। मुख्यमंत्री ने 22 नवंबर को राज्य के सभी जिलाधिकारियों को घुसपैठियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे और कहा था कि घुसपैठियों को रखने के लिए हर जिले में अस्थायी हिरासत केंद्र बनाए जाएं।

सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने तक डिटेंशन सेंटर में रहेंगे घुसपैठिए

अधिकारी ने कहा था कि कानून एवं व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं हैं और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में अवैध रूप से रह रहे लोगों को इन निरुद्ध केंद्रों में रखा जाएगा और जरूरी सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें वहीं रखा जाएगा। आदित्यनाथ ने कहा कि निरुद्ध केंद्रों में रखे गए अवैध घुसपैठियों को तय प्रक्रिया के मुताबिक उनके देशों में वापस भेजा जाएगा।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article