उत्तर प्रदेश

Noida News: चिल्ला एलिवेटेड रोड के काम ने पकड़ी रफ्तार, जानें कहां तक पहुंचा प्रोजेक्ट, कब भरेंगे फर्राटा

Noida News: दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर मयूर विहार के पास से महामाया फ्लाइओवर तक चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 5.5 किलोमीटर लंबी यह एलिवेटेड रोड 6 लेन की होगी और निर्माण की गति को देखते हुए उम्मीद है कि यह समय से पहले ही इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।

Chilla Elevated road AI Image

चिल्ली एलिवेटेड रोड के निर्माण ने पकड़ी रफ्तार (AI Image)

Noida News: दिल्ली की तरफ से नोएडा सेक्टर 16ए फिल्म सिटी होते हुए महामाया फ्लाइओवर और ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा है। इस रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए दिल्ली-नोएडा बॉर्डर से महामाया फ्लाइओवर तक चिल्ला एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। नोएडा अथॉरिटी, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर शाहदरा ड्रेन के चिल्ला रेगुलेटर से ड्रेन के साथ-साथ महामाया फ्लाइओवर तक 5.5 किलोमीटर लंबा 6 लेन का एलिवेटेड रोड बन रही है। चिल्ला एलिवेटेड रोड के काम ने अब रफ्तार पकड़ ली है। उम्मीद की जा रही है कि दिसंबर 2027 की डेडलाइन से पहले ही इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और आप जल्द ही इस एलिवेटेड रोड का सफर कर पाएंगे।

चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद दिल्ली में मयूर विहार फ्लाइओवर से नोएडा में सेक्टर 44 और सेक्टर 94 के पास बने महामाया फ्लाइओवर तक सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार की तरफ से आने वाली गाड़ियां चिल्ला एलिवेटेड रोड के जरिए सीधे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाएंगे। दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे और लखनऊ की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। यही नहीं, जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को भी इस एलिवेटेड रोड से फायदा होगा।

चिल्ला एलिवेटेड रोड की लागत कितनी है?

बता दें कि दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य 892 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसका निर्माण उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रिज कॉर्पोरेशन कर रहा है। निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग और खर्च का वहन नोएडा अथॉरिटी कर रही है। उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉर्पोरेशन को एलिवेटेड रोड निर्माण के पर्सेंटेज के आधार पर भुगतान किया जाएगा। कुल लागत का आधा उत्तर प्रदेश सरकार, जबकि बाकी के बचे हुए आधे हिस्से का भुगतान नोएडा अथॉरिटी खर्च करेगी।

कब शुरू हुआ था चिल्ला एलिवेटेड रोड का काम

चिल्ला एलिवेटेड रोड की परिकल्पना साल 2017 में की गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जनवरी 2019 को इसकी नींव भी रख दी थी। जून 2020 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत लागत 650 करोड़ रुपये आंकी गई थी। सरकार की तरफ से उनके हिस्से का 50 फीसद लागत शेयर नहीं मिलने की वजह से नवंबर 2021 में इसका काम रुक गया। अथॉरिटी की तरफ से काम शुरू करने पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे।

बाद में जून 2023 में इस प्रोजेक्ट को कैबिनेट की तरफ से मंजूरी मिली। फिर दो टेंडर प्रक्रियाएं हुईं और ब्रिज कॉर्पोरेशन ने दूसरे टेंडर में एजेंसी का चुनाव किया और मार्च में काम शुरू हुआ। चिल्ला एलिवेटेड रोड का नया अप्रूव्ड डिजाइन अथॉरिटी में समिट हो चुका है। 6 लेन का यह एलिवेटेड रोड 269 पिलर्स पर तैयार हो रहा है। इसके पिलर्स पायलिंग और पिलर कैपिंग का 35 फीसद काम पूरा भी हो चुका है। एलिवेटेड रोड पर वाहनों की आवाजाही के लिए 6 रैंप बनाए जाएंगे। बता दें कि इस प्रोजेक्ट के 25 फीसद पिलर्स बनकर तैयार हो चुके हैं और 50 फीसद का काम तेजी से चल रहा है।

चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण की मौजूदा स्थिति

कार्य का नामकुल कितनापूरा हुआकाम बचा
पिलर्स14681061407
पिलर्स कैप269110159

इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने से दिल्ली-एनसीआर, यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। यह एलिवेटेड रोड दिल्ली में मयूर विहार को नोएडा सेक्टर 14 और सेक्टर 94 से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी देगा।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article