उत्तर प्रदेश

बसने जा रही गोविंदपुरम टाउनशिप! 112.50, 162, 200, 288 और 450 वर्ग मीटर के मिलेंगे प्लॉट; जल्द होगी ऑनलाइन बुकिंग

MDA Govindpuram Township: यूपी भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (RERA) ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की गोविंदपुरम टाउनशिप के प्रथम चरण को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। जानकारी के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन नंबर जारी होते ही ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।

Moradabad MDA Govindpuram Township plot scheme 2025

गोविंदपुरम टाउनशिप अपडेट (फोटो-Istock)

Moradabad Govindpuram Township: मुरादाबाद में अपना घर बनाना चाह रहे हैं तो आपके लिए ये खबर काफी अहम है। दरअसल, दिल्ली रोड और नेशनल हाईवे-9 के मध्य विकसित हो रहे कॉरिडोर में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की लंबे समय से प्रतीक्षित गोविंदपुरम आवासीय योजना को नई दिशा मिल चुकी है। 516 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण को उत्तर प्रदेश भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण यूपी-RERA) की मंजूरी मिल गई है। जानकारी के मुताबिक, 22 साल बाद यह टाउनशिप बसने की दिशा में आगे बढ़ रही है। MDA अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण के प्लॉटिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर के बाद, लगभग 1,800 परिवारों के निवास की संभावना बनी है। फिलहाल, इसमें प्लॉट की कीमतों की सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

गोविंदपुरम टाउनशिप में प्लॉट साइज

इस पहले चरण में कुल 470 आवासीय प्लॉट प्रस्तावित हैं। साथ ही 15 मिश्रित-उपयोग भू-उपयोग प्लॉट और 32 व्यावसायिक (commercial) प्लॉट निर्मित किए जाएंगे। प्लॉट के आकार 112.50, 162, 200, 288 एवं 450 वर्ग मीटर होंगे। लिहाजा जरूरतों के हिसाब से आप विकल्प चुन सकेंगे। इस टाउनशिप के विकास के लिए दिल्ली रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के बीच मनोहरपुर व मंगूपुरा ग्राम क्षेत्र की लगभग 110 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है। एमडीए की यह टाउनशिप आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी।

रेरा का रजिस्ट्रेशन नंबर जारी होते ही इसकी आम लोगों के लिए ऑनलाइन बुकिंग खोल दी जाएगी। बुकिंग के बाद लॉटरी के माध्यम से प्लाटों का आवंटन किया जाएगा। प्लाट मिलते ही लोग अपने सपने के घर को बना सकते हैं। फिलहाल योजना की आधारशिला पक्की हो चुकी है। MDA के मुताबिक, जैसे ही अंतिम RERA पंजीकरण (Registration Certificate) जारी होगा वैसे ही ऑनलाइन बुकिंग खुल जाएगी। इच्छुक लोग संबंधित पोर्टल के जरिए से आवेदन कर सकेंगे।

गोविंदपुरी टाउनशिप में क्या-क्या होगा?

इस आधुनिक टाउनशिप में मार्केट, ऑफिस और कामर्शियल गतिविधियों की उपलब्धता बढ़ेगी। पहले फेज में इंटर कॉलेज, जूनियर हाईस्कूल और तीन नर्सरी स्कूल के लिए भूमि आरक्षित की गई है। इसके साथ ही एक बड़ा सामुदायिक केंद्र भी प्रस्तावित है, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर सार्वजनिक बैठकों तक सभी गतिविधियां संचालित हो सकेंगी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, टाउनशिप में 18,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला सेंट्रल पार्क प्रस्तावित है, जिसे मॉर्डन थीम पर विकसित किया जाएगा। पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के खेलने का क्षेत्र और विशेष पौधे लगाये जाएंगे। इसके अतिरिक्त टाउनशिप में अतिरिक्त 18 पार्क और ग्रीन बेल्ट भी प्रस्तावित हैं। टाउनशिप में रहने वालों की सुविधा के लिए 9, 12, 18 और 24 मीटर चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी। बारिश में जल निकासी के लिए नाली एवं नाले तथा पूरा सीवरेज नेटवर्क होगा। इलेक्ट्रिसिटी टाउनशिप में 1500 केएलडी का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और एक विद्युत सब-स्टेशन भी प्रस्तावित है, जिससे स्वच्छता और बिजली आपूर्ति की समस्या नहीं होगी।

MDA का कहना है कि गोविंदपुरम टाउनशिप से मुरादाबाद न सिर्फ आवासीय जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि शहर के विस्तार व सुनियोजित विकास में भी यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। इस टाउनशिप के माध्यम से मुरादाबाद में आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधाओं से लैस नया क्षेत्र विकसित होगा।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article