उत्तर प्रदेश

Meerut News: मेरठ में BLO ने की खुदकुशी की कोशिश, परिजन बोले- काम के दबाव से डिप्रेशन में था

मेरठ में सिंचाई विभाग के एक बाबू और BLO ड्यूटी पर तैनात मोहित ने कथित रूप से काम के दबाव के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। परिवार का आरोप है कि सुपरवाइजर ने मोहित पर लगातार काम का प्रेशर बनाया, जिसके कारण वे डिप्रेशन में चले गए। वहीं अधिकारियों ने दबाव की बात से इनकार किया और कहा कि मोहित के ठीक होने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Image

मेरठ में बीएलओ ने खाया जहरीला पदार्थ

Meerut News: उत्तर प्रदेश में एक और बीएलओ ने आत्महत्या करने की कोशिश की। मेरठ में सिंचाई विभाग के वरिष्ठ सहायक मोहित ने कथित तौर पर SIR ड्यूटी के काम के अत्यधिक दबाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि सुपरवाइजर आशीष शर्मा के लगातार दबाव बनाने के कारण मोहित डिप्रेशन में थे। वहीं अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी पर काम का अत्यधिक दबाव नहीं था। मोहित की हालत में सुधार आने के बाद मामले की जांच की जाएगी।

सुपरवाइजर पर काम का लगातार दबाव बनाने का आरोप

मेरठ के गढ़ रोड स्थित मुरलीपुरा गांव के निवासी मोहित सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। परिवार के मुताबिक, SIR के चलते मोहित की पल्लवपुरम में BLO की ड्यूटी लगी थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से सुपरवाइजर आशीष शर्मा उनपर काम पूरा करने का लगातार दबाव बना रहे थे। मंगलवार को भी सुपरवाइजर ने जल्दी काम पूरा करने का दबाव बनाया। जिसके बाद मोहित तनाव में घर लौटे और उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया।

परिजनों का आरोपा- BLO की नहीं दी गई ट्रेनिंग

परिजनों ने बताया कि मोहित BLO के तौर पर एसआईआर के काम लगे हुए थे। लेकिन उन्हें कोई ट्रेनिंग नहीं दी गई थी और काम के दबाव के चलते वे मानसिक दबाव में थे। उनकी पत्नी ज्योति का कहना है कि मोहित डिप्रेशन में जा चुके थे। फिलहाल उन्हें मेरठ के लोकप्रिय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस घटना की सूचना मिलते ही विभागीय यूनियन के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और उन्हें विरोध जताया।

घटना की सूचना पर ADM (E) सत्य प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मोहित फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन वे बात करने की स्थिति में नहीं हैं। ADM ने यह भी कहा कि विभाग की ओर से कोई अनावश्यक दबाव नहीं बनाया गया है। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार ही काम कर्मचारियों से काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोहित की हालत में सुधार होने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का दावा है कि मोहित एक अच्छे BLO रहे हैं और वे काम भी अच्छा कर रहे थे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article