यूटिलिटी

Sthree Suraksha Scheme: स्त्री सुरक्षा योजना क्या है? जानें पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

Sthree Suraksha Scheme: स्त्री सुरक्षा योजना केरल सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास करती है। पात्र महिलाओं को सलाह दी जाती है कि वे सभी शर्तों और दस्तावेजों को ध्यान से जांचकर समय पर आवेदन करें, ताकि इस योजना का लाभ मिल सके। आइए यहां डिटेल जानते हैं।

Image

स्त्री सुरक्षा योजना के बारे में डिटेल जानिए (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Sthree Suraksha Scheme : केरल सरकार ने राज्य की बेरोजगार महिलाओं के लिए ‘स्त्री सुरक्षा योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की पेंशन दी जाएगी। यह योजना राज्य के नागरिक निकाय चुनावों से पहले घोषित की गई थी, लेकिन आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू होने के कारण इसे तब लागू नहीं किया जा सका। अब स्थानीय मीडिया मातृभूमि की रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार 22 दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

Sthree Suraksha Scheme: योजना का उद्देश्य

स्त्री सुरक्षा योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार महिलाओं को नियमित आय सहायता देना है, ताकि वे अपनी बुनियादी जरुरतों को पूरा कर सकें। यह योजना विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए बनाई गई है जो किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन या सरकारी लाभ योजना का हिस्सा नहीं हैं।

Sthree Suraksha Scheme: योजना के तहत मिलने वाले लाभ

स्त्री सुरक्षा योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की पेंशन दी जाएगी। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी, ठीक उसी तरह जैसे अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जाती हैं।

Sthree Suraksha Scheme: कौन कर सकता है आवेदन? (पात्रता)

  • स्त्री सुरक्षा योजना के लिए आवेदन करने वाली महिला या ट्रांस महिला को निम्न शर्तें पूरी करनी होंगी।
  • आवेदक की आयु 35 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • वह केरल की स्थायी निवासी हो।
  • किसी अन्य सरकारी या सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की लाभार्थी न हो।
  • विधवा पेंशन, एकल महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, EPF पेंशन, वेलफेयर फंड बोर्ड पेंशन आदि में से किसी का लाभ न ले रही हो।
  • उसके पास अंत्योदय अन्न योजना (पीला कार्ड) या प्राथमिकता कैटेगरी (गुलाबी कार्ड) होना चाहिए।
  • अगर राशन कार्ड का वर्गीकरण नीला या सफेद हो गया है, तो वह इस योजना के लिए पात्र नहीं होगी।

Sthree Suraksha Scheme: कौन नहीं होगा पात्र?

अगर कोई महिला केरल से बाहर जाकर काम करने लगती है या उसे केंद्र, राज्य, स्वायत्त संस्था या सरकारी अनुदान प्राप्त संस्था में अस्थायी या स्थायी नौकरी मिल जाती है, तो वह इस योजना की पात्र नहीं रहेगी। हालांकि, निजी संस्थान में काम करना इस योजना में बाधा नहीं है।

Sthree Suraksha Scheme: आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

योजना के लिए आवेदन करते समय निम्न दस्तावेज जरूरी हैं:-

  • निवास प्रमाण पत्र: केरल की स्थायी निवासी होने का प्रमाण
  • आयु प्रमाण: जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट
  • अगर कोई दस्तावेज उपलब्ध न हो, तो डॉक्टर का मेडिकल प्रमाण पत्र और स्वयं-प्रमाणित आवेदन
  • आधार कार्ड: अनिवार्य, साथ ही हर साल आधार आधारित मस्टरिंग (सत्यापन) जरूरी
  • बैंक खाता डिटेल: IFSC कोड और आधार से लिंक बैंक खाता
  • राशन कार्ड: पीला या गुलाबी कार्ड
  • आवेदन प्रक्रिया क्या है?
  • आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए आवेदक को ksmart.lsgkerala.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन भरना होगा।
  • भरा हुआ आवेदन संबंधित स्थानीय स्वशासन संस्था (पंचायत/नगरपालिका/नगर निगम) के सचिव को ऑनलाइन जमा होगा।
  • LSGI सचिव आवेदन की जांच करेंगे।
  • पात्र आवेदकों की लिस्ट केरल सोशल सिक्योरिटी पेंशन कंपनी को भेजी जाएगी।
  • इसके बाद पेंशन की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

Sthree Suraksha Scheme: गलत जानकारी देने पर क्या होगा?

अगर कोई व्यक्ति गलत जानकारी देकर या अपात्र होते हुए पेंशन प्राप्त करता है, तो उससे पूरी राशि 18 प्रतिशत ब्याज सहित वसूली जाएगी। सरकार ने इस पर सख्त चेतावनी दी है।

Sthree Suraksha Scheme: जेल में होने पर क्या पेंशन मिलेगी?

अगर कोई लाभार्थी एक महीने से अधिक समय तक जेल या न्यायिक हिरासत में रहती है, तो उस अवधि के लिए पेंशन नहीं मिलेगी। यह नियम केवल जेल में रहने की अवधि पर लागू होगा।

Sthree Suraksha Scheme: मृत्यु के बाद क्या पेंशन वारिस को मिलेगी?

सरकार ने स्पष्ट किया है कि लाभार्थी की मृत्यु के बाद पेंशन उसके वारिसों को ट्रांसफर नहीं की जाएगी। इस योजना में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article