यूटिलिटी

नहीं जानते होंगे सरकार की यह योजना, बेटियों को मिलते हैं 50 हजार रुपये, ऐसे उठाएं फायदा

सरकार ने 1 जून 2016 से इस योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत बालिका के जन्म से लेकर 12वीं कक्षा पास करने तक कुल 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे बच्ची के बैंक खाते में 6 अलग-अलग किस्तों में भेजी जाती है।

Image

Mukhyamantri Rajshree Yojana/Photo-Canva

बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई तक परिवारों को आर्थिक सहारा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई योजनाएं चला रही हैं। इन्हीं में से एक है राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री राजश्री योजना (Mukhyamantri Rajshree Yojana), जिसके तहत बालिका के जन्म के बाद से लेकर 12वीं तक की शिक्षा पूरी करने पर आर्थिक मदद दी जाती है। आइए इस योजना की पूरी जानकारी आसान भाषा में समझते हैं।

क्यों शुरू की गई मुख्यमंत्री राजश्री योजना?

कई राज्यों में पहले कन्या भ्रूण हत्या और लिंगानुपात की समस्या गंभीर रही है। राजस्थान भी ऐसे ही राज्यों में शामिल था। इसी समस्या को दूर करने और बेटियों की शिक्षा व स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार ने यह योजना शुरू की। इसका मकसद बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच बढ़ाना और परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री राजश्री योजना क्या है?

राजस्थान सरकार ने 1 जून 2016 से इस योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत बालिका के जन्म से लेकर 12वीं कक्षा पास करने तक कुल 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे बच्ची के बैंक खाते में 6 अलग-अलग किस्तों में भेजी जाती है।

योजना का लाभ कौन ले सकता है?

  • लाभ केवल राजस्थान के स्थायी निवासियों को मिलेगा।
  • बच्ची का जन्म 1 जून 2016 के बाद हुआ होना चाहिए।
  • बच्ची का जन्म किसी पंजीकृत अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में होना जरूरी है।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

  • बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड या भामाशाह कार्ड
  • मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्ड
  • स्कूल में प्रवेश का प्रमाण पत्र

किस्तों में कैसे मिलती है राशि?

मुख्यमंत्री राजश्री योजना के तहत सहायता राशि अलग-अलग चरणों में दी जाती है...

  • जन्म के समय- पहली किस्त के रूप में 2,500 रुपये
  • 1 साल की उम्र और टीकाकरण के बाद – दूसरी किस्त में 2,500 रुपये
  • कक्षा 1 में प्रवेश पर- तीसरी किस्त के रूप में 4,000 रुपये
  • कक्षा 6 में प्रवेश पर-चौथी किस्त में 5,000 रुपये
  • कक्षा 10 में दाखिले के बाद-पांचवीं किस्त के रूप में 11,000 रुपये
  • 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर- अंतिम किस्त के तौर पर 25,000 रुपये

मुख्यमंत्री राजश्री योजना में आवेदन कैसे करें?

इस योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जाकर भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article