गर्मियों और बरसात के मौसम में एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल बढ़ जाता है। इसी दौरान AC में शॉर्ट सर्किट, करंट लीकेज और ओवरलोडिंग के कारण आग लगने की घटनाएं भी सामने आती हैं। ऐसे में PRCD (Portable Residual Current Device) Adapter एक ऐसा सुरक्षा उपकरण है, जो बिजली से होने वाले हादसों के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है, हालांकि यह डिवाइस हर तरह की आग को पूरी तरह नहीं रोक सकता, लेकिन करंट लीकेज जैसी खतरनाक स्थितियों में समय रहते बिजली सप्लाई काटकर बड़ा नुकसान होने से बचाने में मदद करता है।
क्या होता है PRCD Adapter?
PRCD यानी Portable Residual Current Device एक सुरक्षा डिवाइस है, जिसे बिजली के उपकरण और पावर सॉकेट के बीच लगाया जाता है। इसका मुख्य काम बिजली के प्रवाह (Current) पर लगातार नजर रखना होता है। यदि यह महसूस करता है कि करंट का कुछ हिस्सा गलत दिशा में, जैसे अर्थिंग या किसी व्यक्ति के शरीर के जरिए बह रहा है, तो यह कुछ मिलीसेकंड में बिजली की सप्लाई बंद कर देता है।
AC में कैसे करता है काम?
अगर AC की वायरिंग खराब हो जाए, इंसुलेशन कमजोर हो जाए या नमी के कारण करंट लीकेज शुरू हो जाए, तो PRCD Adapter तुरंत असामान्य करंट का पता लगा लेता है। इसके बाद यह बिजली की सप्लाई काट देता है, जिससे शॉर्ट सर्किट और करंट लगने जैसी घटनाओं का खतरा काफी कम हो जाता है।
क्या यह AC में आग लगने से पूरी तरह बचाता है?
इस सवाल का जवाब 'नहीं' है। PRCD Adapter आग से पूरी तरह सुरक्षा की गारंटी नहीं देता। यह मुख्य रूप से करंट लीकेज (Earth Leakage) से बचाव के लिए बनाया गया है। अगर आग का कारण ओवरलोडेड वायरिंग, ढीले इलेक्ट्रिकल कनेक्शन, खराब गुणवत्ता वाले तार, सर्किट में अत्यधिक गर्मी, गलत क्षमता वाले MCB का इस्तेमाल हो तो PRCD हमेशा उसे नहीं रोक पाएगा। इसलिए PRCD को सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत माना जाता है, न कि आग से बचाव का एकमात्र समाधान।
किन लोगों के लिए ज्यादा उपयोगी है?
PRCD Adapter उन घरों और स्थानों पर अधिक उपयोगी साबित हो सकता है जहां पुराने घरों की वायरिंग है, बारिश या नमी वाले क्षेत्रों में AC का इस्तेमाल होता है, पोर्टेबल AC या अन्य हाई-पावर उपकरण लगाए जाते हैं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है।
AC को सुरक्षित रखने के लिए और क्या करें?
केवल PRCD Adapter पर निर्भर रहने के बजाय कुछ जरूरी सावधानियां भी अपनानी चाहिए:
- AC की सर्विस समय पर कराएं।
- ISI मार्क वाले वायर और एक्सेसरीज का इस्तेमाल करें।
- सही क्षमता का MCB और अर्थिंग सिस्टम लगवाएं।
- ढीले प्लग या खराब सॉकेट का तुरंत बदलवाएं।
- एक्सटेंशन बोर्ड पर हाई-पावर AC चलाने से बचें।
