UPI PIN Mistakes: आज के समय में UPI रोजमर्रा के पेमेंट का सबसे आसान तरीका बन गया है। दुकान पर सामान खरीदना हो, किसी दोस्त को पैसे भेजने हों या बिल का भुगतान करना हो कुछ ही सेकंड में ट्रांजैक्शन हो जाता है। लेकिन कई बार जल्दबाजी या PIN भूल जाने की वजह से हम गलत UPI PIN डाल देते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि गलत PIN डालने पर क्या होता है और अगर बार-बार गलत PIN डाल दिया जाए तो क्या बैंक अकाउंट ब्लॉक हो सकता है?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि UPI PIN आपके बैंक अकाउंट से जुड़े पेमेंट को ऑथराइज्ड करने के लिए इस्तेमाल होने वाला 4 या 6 अंकों का पासकोड है। NPCI के अनुसार, UPI PIN हर बैंक ट्रांजैक्शन को ऑथराइज्ड करने के लिए जरूरी होता है और इसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए।
एक बार गलत UPI PIN डालने पर क्या होगा?
अगर आप UPI पेमेंट करते समय गलत PIN डाल देते हैं तो आम तौर पर ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है। यानी जिस पेमेंट को आप करना चाहते थे, वह पूरा नहीं होगा। गलत UPI PIN डालने पर ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है और दोबारा सही PIN डालकर पेमेंट को फिर से शुरू किया जा सकता है।
इसका मतलब यह है कि केवल एक बार गलत PIN डालने से आपका बैंक अकाउंट बंद या ब्लॉक नहीं हो जाता। अगर आपको PIN याद है और गलती से गलत नंबर दर्ज हो गया है तो सही PIN डालकर दोबारा पेमेंट पूरी की जा सकती है।
क्या बार-बार गलत PIN डालने से क्या होता है?
लगातार कई बार गलत UPI PIN डालने पर बैंक सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए UPI से पैसे भेजने की सुविधा को अस्थायी रूप से ब्लॉक कर सकता है। NPCI स्पष्ट करता है कि कई बार गलत UPI PIN डालने पर बैंक UPI के जरिए पैसे भेजने को अस्थायी रूप से रोक सकता है। हालांकि, यह व्यवस्था और ब्लॉक की अवधि बैंक के नियमों पर निर्भर करती है। आमतौर पर बैंक ट्रांजैक्शन 24 घंटे के लिए रोकी जा सकती है।
यहां एक महत्वपूर्ण बात यह है कि आमतौर पर इसका मतलब पूरे बैंक अकाउंट का स्थायी रूप से ब्लॉक होना नहीं होता। सुरक्षा के लिए UPI से फंड ट्रांसफर पर अस्थायी रोक लग सकती है। इसलिए PIN याद न होने पर बार-बार अनुमान लगाकर PIN डालना सही तरीका नहीं है।
UPI PIN याद नहीं है तो क्या करें?
अगर आपको अपना UPI PIN याद नहीं है तो बार-बार गलत PIN डालने के बजाय उसे रीसेट या बदलने का विकल्प इस्तेमाल करना बेहतर है। NPCI के BHIM ऐप की जानकारी के मुताबिक UPI PIN को सेट या बदला जा सकता है। PIN सेट करने की प्रक्रिया में बैंक खाते से जुड़े डेबिट कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
