घर में इस्तेमाल होने वाले RO वॉटर प्यूरीफायर से जितना साफ पानी निकलता है, उससे कहीं ज्यादा पानी वेस्ट के रूप में बाहर निकल जाता है। आमतौर पर लोग इस पानी को बेकार समझकर बहा देते हैं, लेकिन RO का खराब पानी कई घरेलू कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकतर लोगों को इसके बारे में जानकारी ही नहीं है, इसलिए उनके घर के आरओ का पानी नाले में जाता है, लेकिन RO के खराब पानी का सही तरीके से इस्तेमाल करने पर पानी की बचत भी हो सकती है।
क्या RO के खराब पानी से कपड़े धो सकते हैं?
एक बड़ा सवाल अक्सर आता है कि RO के वेस्ट पानी का इस्तेमाल कपड़े धोने के लिए किया जा सकता है या नहीं। इसका जवाब हां है, आप आरओ के बेकार पानी से कपड़े धो सकते हैं। इस पानी में सामान्यतः ज्यादा मात्रा में घुले हुए मिनरल और नमक होते हैं, लेकिन यह कपड़े साफ करने के काम आ सकता है, हालांकि बहुत ज्यादा खारे पानी का लगातार उपयोग करने से कुछ कपड़ों की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। इसलिए हल्के और रोजमर्रा के कपड़ों में इसका इस्तेमाल अधिक बेहतर माना जाता है।
फर्श और बाथरूम की सफाई में उपयोगी
RO के खराब पानी का इस्तेमाल घर की सफाई में भी किया जा सकता है। फर्श पोछने, बाथरूम साफ करने और बाहरी हिस्सों की धुलाई में यह पानी उपयोगी साबित हो सकता है। इससे ताजे पानी की खपत कम होती है और पानी बचाने में मदद मिलती है।
गाड़ी धोने और टॉयलेट फ्लश में भी इस्तेमाल
विशेषज्ञ बताते हैं कि RO के वेस्ट पानी का उपयोग कार या बाइक धोने के लिए भी किया जा सकता है। इसके अलावा टॉयलेट फ्लश में इसका इस्तेमाल करना भी एक अच्छा विकल्प माना जाता है। इससे हर दिन कई लीटर पानी बचाया जा सकता है।
पौधों में इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी
RO के खराब पानी में नमक और TDS का स्तर अधिक हो सकता है। ऐसे में इसे सीधे पौधों में इस्तेमाल करने से कुछ पौधों को नुकसान पहुंच सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि इस पानी का उपयोग केवल ऐसे पौधों में करें जिन्हें ज्यादा मिनरल से नुकसान न हो, या फिर इसे सामान्य पानी में मिलाकर इस्तेमाल करें।
पानी बचाने की दिशा में जरूरी पहल
जल संकट और बढ़ती गर्मी के बीच पानी बचाना समय की बड़ी जरूरत बन चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि RO के वेस्ट पानी का दोबारा उपयोग करके घरों में हर दिन काफी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर लोग जल संरक्षण में अहम योगदान दे सकते हैं।
