देश

NDA की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए राजनाथ सिंह, कैडेट्स का बढ़ाया हौसला, बोले- 'देश की मजबूत ढाल हैं ये'

NDA Passing Out Parade: पुणे में NDA की 151वें कोर्स की पासिंग आउट परेड में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। उन्होंने कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया और उन्हें देश की मजबूत ढाल बताया।

Image

NDA की 151वें बैच के पासिंग आउट परेड में शामिल हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (X/@ANI)

NDA Passing Out Parade: महाराष्ट्र के पुणे में रविवार, 29 नवंबर को नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की 151वें कोर्स की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। इस खास मौके पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) भी शामिल हुए। उन्होंने खड़कवासला स्थित NDA के खेतरपाल परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में रिव्यूइंग ऑफिसर के तौर पर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान युवा कैडेट्स का अनुशासन, जोश और देश के प्रति समर्पण देखने को मिला। NDA की पासिंग आउट परेड (NDA Passing Out Parade) किसी भी कैडेट के लिए बेहद खास होती है। यह परेड उनके कठिन प्रशिक्षण के पूरा होने का प्रतीक है। इसके साथ ही वे अपने सैन्य करियर के अगले पड़ाव की ओर बढ़ते हैं। कई महीनों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण के बाद कैडेट्स इस गौरवशाली समारोह का हिस्सा बनते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

कैडेट्स को बताया देश की मजबूत ढाल

इस समारोह से एक दिन पहले यानी शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 151वें कोर्स के कैडेट्स और उनके माता-पिता को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने सभी कैडेट्स को सफल प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी। राजनाथ सिंह ने युवा कैडेट्स को देश की मजबूत ढाल बताया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने में इन युवाओं की अहम भूमिका होगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि कैडेट्स ने अपने कठिन प्रशिक्षण के दौरान जिस मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है, वह भारत के भविष्य के सैन्य नेतृत्व की ताकत को दिखाता है। उन्होंने कैडेट्स के परिवारों की भी सराहना की, जिन्होंने इस सफर में उनका साथ दिया।

2047 तक विकसित भारत बनाने में सेना की अहम भूमिका

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने भारत को साल 2047 तक विकसित और शक्तिशाली देश बनाने के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत इस समय एक ऐतिहासिक दौर से गुजर रहा है और देश को विकसित बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने समझाया कि किसी भी देश की तरक्की के लिए उसकी सीमाओं का सुरक्षित होना बहुत जरूरी है। जब देश की सीमाएं सुरक्षित रहती हैं, तभी व्यापार, शिक्षा, विकास और समाज से जुड़ी दूसरी गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ सकती हैं। राजनाथ सिंह के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सेना तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध देश की आर्थिक और सामाजिक तरक्की से भी है। मजबूत सुरक्षा व्यवस्था देश के विकास के लिए एक मजबूत आधार तैयार करती है।

NDA कैडेट्स के लिए क्यों खास है यह परेड?

नेशनल डिफेंस एकेडमी देश के उन प्रमुख संस्थानों में शामिल है, जहां सेना के तीनों अंगों यानी थल सेना, नौसेना और वायु सेना के कैडेट्स को शुरुआती संयुक्त प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां कैडेट्स को शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य जीवन के लिए तैयार किया जाता है। राजनाथ सिंह की मौजूदगी और उनका संबोधन युवा कैडेट्स के लिए उत्साह बढ़ाने वाला रहा। उनका संदेश साफ था कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान ही भारत की सुरक्षित और मजबूत भविष्य की नींव हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article