आज के समय में आधार कार्ड एक जरूरी डॉक्यूमेंट बन चुका है। फिर चाहे बैंक में अकाउंट ओपन करना हो, जॉब ज्वॉइनिंग हो या फिर किसी सरकारी योजना का लाभ लेना हो हर जगह पर आधार कार्ड इस्तेमाल होता है। अगर आपके पास आधार कार्ड है तो आपके लिए बेहद जरूरी खबर है। दरअसल कई बार आधार कार्ड में गलत जानकारी चली जाती है जिसे हम अपडेट करा कर ठीक करा सकते हैं लेकिन क्या आपको मालूम है कि अब आधार कार्ड अपडेट करना महंगा हो गया है। UIDAI की तरफ से आधार अपडेट को लेकर नए नियम लागू किए गए हैं जिसमें अब यूजर्स को आधार अपडेट कराने के लिए पहले से अधिक पैसे खर्च करने होंगे।
बता दें कि UIDAI की तरफ से 1 अक्टूबर 2025 से आधार कार्ड के नए नियम लागू कर दिए गए हैं। पहले आधार कार्ड को अपडेट कराने के लिए UIDAI की तरफ से सिर्फ 50 रुपये का शुल्क लिया जाता था लेकिन अब इसकी कीमत बढ़ चुकी है। अगर आप अपना आधार कार्ड अपडेट कराने जा रहे हैं तो आपको नए नियम और अपडेट शुल्क के बारे में मालूम होना जरूरी है।
खर्च करने होंगे एक्स्ट्रा पैसे
UIDAI के नए नियमों के तहत अब आधार धारकों को नाम और पता बदलने में पहले की तुलना में अधिक पैसे खर्च करने होंगे। बता दें कि आधार धारकों से नाम और पता जैसे सामान्य सुधार के लिए अब तक सिर्फ 50 रुपये का शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब 1 अक्टूबर 2025 से नाम और पता अपडेट कराने के लिए 75 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।
UIDAI ने इसी तरह बायोमेट्रिक जानकारी जैसे फोटो, फिंगरप्रिंट, आइरिस जैसी डिटेल्स को बदलने की फीस भी बढ़ा दी है। इन सभी डिटेल्स में सुधार के लिए अब तक आधार धारकों से 100 रुपये की फीस ली जाती थी लेकिन अब 125 रुपये देने होंगे। अब आधार धारकों को बच्चों के बायोमैट्रिक डिटेल्स के लिए 125 रुपये देने होंगे। हालांकि आपके लिए अच्छी खबर यह है कि नया आधार कार्ड बनवाने पर किसी तरह का चार्ज नहीं लिया जाएगा यह पहले की तरह फ्री रहेगा।
घर पर आधार अपडेट कराने में राहत
आपको बता दें कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने लगभग पांच साल बाद शुल्क में बढ़ोतरी की है। अगर आप अपनी सुविधा अनुसार घर पर मशीन मंगाकर आधार डिटेल्स को अपडेट कराना चाहते हैं तो बता दें कि इसकी फीस में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की गई है। घर पर आधार को अपडेट कराने पर अभी भी 700 रुपये ही शुल्क देने होंगे।
पुराने आधार कार्ड को कराना होगा अपडेट
UIDAI के मुताबिक 1 अक्टूबर 2025 से 10 साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट कराना अनिवार्य कर दिया है। अगर आप ने अपने आधार कार्ड को पिछले 10 सालों में कभी भी अपडेट नहीं कराया है तो आपको इसके लिए डॉक्यूमेंट जमा करके फीस भी देनी होगी।
