यूटिलिटी

दिल्ली के इन 5 बाजारों में मिलेगा सबसे सस्ता और शानदार सामान, Holi की शॉपिंग के लिए हैं बेस्ट

Holi Shopping in Delhi: 4 मार्च को पूरा देश होली के रंग में रंगने को तैयार है। होली रंगों, गुलाल, पिचकारियों और खुशियों का त्योहार है। अगर आप भी दिल्ली में होली की खरीदारी करना चाहते हैं तो सही मार्केट चुनना बेहद जरूरी है। आपको पांच ऐसे मार्केट के बारे में ही बता रहे हैं, जहां आपको सस्ते दामों पर होली का अच्छा सामान मिल जाएगा।

Image

दिल्ली में यहां से करें होली की शॉपिंग (Photo: AI Generated)

Holi Shopping in Delhi: फरवरी खत्म होने के साथ ही मार्च के शुरुआती हफ्ते में देश भर में होली का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में अगर आप भी होली की खरीदारी का प्लान बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। होली की खरीदारी के लिए आपको पांच ऐसे मार्केट की जानकारी दे रहे हैं, जहां न केवल आप सस्ते में बढ़िया सामान खरीद घर ला सकते हैं बल्कि अपने समय की बचत भी कर सकते हैं-

सदर बाजार

दिल्ली का सदर बाजार होली शॉपिंग का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट माना जाता है। यहां आपको गुलाल, पिचकारी, पानी के गुब्बारे, पार्टी स्प्रे और डेकोरेशन आइटम्स थोक रेट पर मिल जाते हैं। कीमत की बात करें तो पिचकारी 20 रुपए से शुरू होती है और रंग-गुलाल भी 50–150 रुपए के बीच आसानी से मिल जाएंगे, जबकि थोक में खरीदने पर कीमत और कम हो सकती है।

चांदनी चौक

पुरानी दिल्ली का किनारी बाजार/चांदनी चौक रंगों और गुलाल का पारंपरिक बाजार है। यहां पर आप ऑर्गेनिक रंगों से लेकर ट्रेडिशनल गुलाल 100–500 रुपए प्रति किलो के बीच खरीद सकते हैं। साथ ही होली टी‑शर्ट और छोटे गिफ्ट पैक भी 50 रुपए से शुरू होते हैं।

लाजपत नगर मार्केट

अगर आप होली के मौके पर ट्रेंडी कपड़े और एक्सेसरीज लेना चाहते हैं तो लाजपत नगर काफी अच्छा ऑप्शन है। यहां होली स्पेशल व्हाइट टी‑शर्ट, रंगीन कुर्ते और होली‑थीम्ड गॉगल्स 150–500 रुपए की रेंज में मिल जाते हैं। आपको यहां कपड़ों के साथ गिफ्ट सेट और फैशनेबल सामान भी आसानी से मिल जाएगा।

तिलक नगर मार्केट

पश्चिमी दिल्ली का तिलक नगर मार्केट भी होली शॉपिंग के लिए पसंदीदा जगह है। यहां गुलाल और पिचकारियों के अलावा फैमिली के लिए कपड़े, बच्चों के लिए मस्ती वाले आइटम्स और अन्य फेस्टिवल गिफ्ट्स सस्ते दामों में उपलब्ध रहते हैं। इस मार्केट में आम तौर पर कपड़ों की शुरुआत 200 रुपए से हो जाती है।

सरोजिनी नगर मार्केट

सरोजिनी नगर में आप बजट‑फ्रेंडली कपड़े और एक्सेसरीज पा सकते हैं जैसे होली पर पहनने के लिए टी‑शर्ट और जीन्स 100–300 रुपए के बीच मिल जाएंगी। इसके अलावा कुछ स्टॉल्स पर रंगीन कैप और सस्ता डेकोरेशन सामान भी मिल जाएगा।

इन बाजारों में आमतौर पर आप 20 रुपए की पिचकारी से लेकर 100 रुपए की होली टी‑शर्ट तक अच्छे विकल्प पा सकते हैं। हालांकि, खरीदारी करते समय मोलभाव करना न भूलें, क्योंकि कई दुकानदार थोड़े ऊंचे दाम पर सामान रखते हैं। सही समय पर सही मार्केट चुनकर आप होली के हर आइटम को बजट में शानदार ढंग से खरीद सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article