खुद करें रिस्क का आकलन
नागर विमानन सचिव वुमलुनमंग वुअलनम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सभी एयरलाइंस को अपने उड़ान संचालन के संबंध में अपना जोखिम का आकलन खुद करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) सभी एयरलाइंस के साथ सहयोग और बातचीत कर रहा है। वह विदेश मंत्रालय के साथ भी संपर्क में है। पश्चिम एशिया में संकट बढ़ने के बीच मंत्रालय या डीजीसीए की तरफ से सभी एयरलाइंस को कोई सलाह दिए जाने के सवाल पर सचिव ने यह जानकारी दी।
वैकल्पिक उड़ान मार्ग
हाल ही में ईरान ने जवाबी हमले में इजराइल पर दर्जनों ड्रोन तथा मिसाइलें दागी थीं। इसके बाद इजराइल ने कहा था कि वह ईरान के इस हमले का जवाब देगा। एयर इंडिया भारत में आवाजाही के लिए अपनी कुछ इंटरनेशनल उड़ानें वैकल्पिक उड़ान मार्गों पर संचालित कर रहा है। विस्तारा ने भी पश्चिम एशिया संकट के कारण अपनी कुछ उड़ानों के मार्गों में बदलाव किया है।
एयर इंडिया ने निलंबित कर दी हैं फ्लाइट्स
एयर इंडिया ने तेल अवीव के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। रेटिंग एजेंसी इक्रा के उपाध्यक्ष एवं कॉरपोरेट रेटिंग प्रमुख सुप्रियो बनर्जी ने पश्चिम एशिया संकट पर कहा कि कमर्शियल एयरलाइन को ‘उड़ान-निषेध’ नियमों का पालन करने के लिए लंबा मार्ग अपनाना पड़ सकता है, जिससे ईंधन खर्च बढ़ जाएगा। बनर्जी ने कहा कि अगर समस्या बनी रही तो इसका प्रभाव निकटवर्ती भौगोलिक क्षेत्रों में इंटरनेशनल हवाई यात्रा पर भी पड़ेगा। जियो-पॉलिटिकल घटनाक्रम से कच्चे तेल की कीमतों और विमान ईंधन (ATF) की कीमतों पर भी दबाव पड़ेगा।
