Lucknow to Ayodhya helicopter service: लखनऊ से अयोध्या के लिए हेलीकॉप्टर सर्विस 19 जनवरी 2024 से शुरू होगी। अब श्रद्धालु हेलीकॉप्टर से लखनऊ से अयोध्या तक 30 मिनट में पहुंच सकेंगे। 22 जनवरी को राम मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। समारोह से कुछ दिन पहले लखनऊ-अयोध्या हेलीकॉप्टर स शुरू हो रही है। अयोध्या सूचना विभाग ने बताया कि छह हेलीकॉप्टरों को सर्विस के लिए लगाया गया है, जिनमें से तीन हेलीकॉप्टर अयोध्या से लखनऊ और तीन हेलीकॉप्टर लखनऊ से अयोध्या के लिए उड़ान भरेंगे।
30 से 40 मिनट का सफर
हेलीकॉप्टरों की क्षमता 8 से 18 यात्रियों को ले जाने की है।विभाग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि यह सर्विस 19 जनवरी से लखनऊ के रमाबाई मैदान से शुरू होगी। इन हेलीकॉप्टरों में आठ से 18 यात्रियों को ले जाने की क्षमता होगी और भक्तों को हेलीकॉप्टर की सवारी के लिए पहले से बुकिंग करानी होगी। लखनऊ से अयोध्या की दूरी केवल 30-40 मिनट में तय की जा सकेगी। हालांकि, अभी तक किराये का खुलासा नहीं हुआ है।
दिव्य अयोध्या ऐप
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'दिव्य अयोध्या' मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप लोगों को अयोध्या के आसपास आसानी से घूमने में मदद करेगा। दिव्य अयोध्या ऐप के जरिए ई-कार और ई-बस, होटल, होमस्टे और टेंट सिटी की बुकिंग की जा सकती है। दिव्य अयोध्या ऐप के जरिए आप राम नगरी अयोध्या के टूरिस्ट स्पॉट और धार्मिक स्थल की जानकारी, होटल्स, कैब बुकिंग जैसे काम आसानी से कर पाएंगे।
इस ऐप को अयोध्या विकास प्राधिकरण ने डिजाइन किया है। दिव्य अयोध्या पर्यटन मोबाइल एप्लिकेशन में वाहन बुकिंग, ऑनलाइन पार्किंग बुकिंग और नेविगेशन की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा, ऐप शहर और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी भी देगा।
अयोध्या में हेलीकॉप्टर सर्विस
अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 2023 में अयोध्या हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की ताकि भक्तों को मंदिर शहर और सरयू नदी का हवाई दृश्य देखने को मिल सके। हेलीकॉप्टर सर्विस अयोध्या के सरयू गेस्ट हाउस से शुरू होती है और हेलीकॉप्टर में सवार लोगों को सात से आठ मिनट की उड़ान में शहर और सरयू का दृश्य दिखाया जाता है। एक सवारी के लिए प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये का शुल्क तय किया गया था।
