यूटिलिटी

ऑनलाइन धोखाधड़ी के हुए हैं शिकार? घबराएं नहीं, घर बैठे इस पोर्टल पर करें शिकायत; मिनटों में होगी कार्रवाई

Government Cyber Portal: डिजिटल युग में इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ने से सुविधाएं तो मिल रही हैं लेकिन साइबर अपराध के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। क्या आप जानते हैं इन अपराधों से निपटने के लिए भारत सरकार की ओर से National Cyber Crime Reporting Portal पेश किया जाता है। साइबर अपराध को लेकर इस पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Image

ऑनलाइन धोखाधड़ी की यहां करें शिकायत (Photo: AI Generated)

Government Cyber Portal: डिजिटल युग में जैसे-जैसे ऑनलाइन लेन-देन, सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ा है, वैसे-वैसे साइबर अपराध के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। इन अपराधों से निपटने के लिए भारत सरकार की ओर से National Cyber Crime Reporting Portal पेश किया जाता है। यह एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां कोई भी भारतीय नागरिक साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल, बैंकिंग फ्रॉड, UPI फ्रॉड, OTP स्कैम या महिलाओं/बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन अपराध की शिकायत दर्ज कर सकता है। इस पोर्टल पर दर्ज की गई शिकायतों के साथ उपलब्ध जानकारी के आधार पर कानून प्रवर्तन एजेंसियां/पुलिस कार्रवाई करती हैं। यह पोर्टल भारत सरकार के Ministry of Home Affairs (गृह मंत्रालय) द्वारा संचालित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य साइबर अपराध से पीड़ित लोगों को तेज और आसान शिकायत प्रणाली उपलब्ध कराना है, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

Cyber Crime Reporting Portal कैसे करता है काम

National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया बेहद सरल है। इस पोर्टल पर नागरिकों को Women/Children Related Crime, Financial Fraud और Other Cyber Crime तीन ऑप्शन मिलते हैं। आप इन तीन कैटेगरी में से किसी एक को चुन कर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिकायत दर्ज करवाने के लिए आपको File a complaint पर क्लिक करना होगा। आगे बढ़ने पर आपको सिटीजन लॉग-इन के लिए लॉग-इन आईडी, मोबाइल नंबर और ओटीपी दर्ज करने की जरूरत होगी। अगर पहली बार इस पोर्टल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो न्यू यूजर ऑप्शन पर टैप कर आगे की प्रक्रिया के साथ शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

शिकायत दर्ज करवाने के लिए अनिवार्य जानकारी

शिकायत दर्ज करवाने के लिए आपको घटना की तिथि और समय, घटना का कम से कम 200 अक्षरों में विवरण, राष्ट्रीय पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड या आधार कार्ड की सॉफ्ट कॉपी jpeg, jpg या png फॉर्मेट में (फाइल साइज 5 MB से अधिक न हो) देने की जरूरत होगी।

वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित मामले में बैंक, वॉलेट या मर्चेंट का नाम, 12 अंकों का ट्रांजैक्शन आईडी या UTR नंबर, लेनदेन की तिथि और धोखाधड़ी की राशि की जानकारी देना जरूरी है। इसके अलावा, आप संदिग्ध वेबसाइट URL या सोशल मीडिया हैंडल, संदिग्ध व्यक्ति का मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, बैंक खाता नंबर, पता, उसकी फोटो की सॉफ्ट कॉपी jpeg, jpg या png फॉर्मेट में (अधिकतम 5 MB) तथा कोई अन्य डॉक्यूमेंट भी उपलब्ध करा सकते हैं, जिससे संदिग्ध की पहचान करने में सहायता मिल सके।

कब करें इस पोर्टल का इस्तेमाल

अगर आप या आपके जानने वाला कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है, तो घबराने के बजाय तुरंत National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। सही समय पर की गई रिपोर्टिंग से न केवल आपका नुकसान कम हो सकता है, बल्कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी संभव है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article