उत्तर प्रदेश में अगर आप डेयरी बिजनेस शुरू करना चाहते हैं या पहले से पशुपालन कर रहे हैं और अपना कारोबार बढ़ाना चाहते हैं तो राज्य सरकार के नंद बाबा दुग्ध मिशन (Nand Baba Dugdh Mission) के बारे में जानना चाहिए। इस मिशन का उद्देश्य प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाना, पशुपालकों की आमदनी में इजाफा करना और गांवों में दूध की बिक्री के लिए बेहतर व्यवस्था करना है। इस मिशन के तहत पशुपालकों को अलग-अलग योजनाओं के जरिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
क्या है नंद बाबा दुग्ध मिशन?
उत्तर प्रदेश सरकार के दुग्धशाला विकास विभाग की ओर से संचालित इस मिशन के तहत गांवों में दुग्ध सहकारी समितियां गठित करने की योजना है। इस मिशन के तहत पशुपालकों को गांव में ही उनके दूध की उचित कीमत दिलावाई जाती है। इस मिशन में चार प्रमुख योजनाएं शामिल हैं, जिनका लाभ पशुपालक अपनी जरूरत और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार उठा सकते हैं।
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना
इस योजना (Mukhyamantri Swadeshi Gau-Samvardhan Yojana) के तहत गिर, साहीवाल, हरियाणा और थारपारकर नस्ल की दो गाय खरीदने पर अधिकतम 40 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है। दो गायों की इकाई की लागत 2 लाख रुपये तय है और अधिकतम 80,000 रुपये अनुदान दिया जाता है। आवेदक की उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए। गाय रखने के लिए जगह भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना
अगर आपके पास अच्छी नस्ल की गाय है और वह निर्धारित दूध उत्पादन मानक पूरा करती है तो इस योजना (Mukhyamantri Pragatisheel Pashupalak Protsahan Yojana) के तहत 10,000 या 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिल सकती है। गिर, साहीवाल, थारपारकर, हरियाणा और गंगातीरी नस्ल की गायें इसमें शामिल हैं। एक पशुपालक अधिकतम दो गायों के लिए लाभ ले सकता है। आवेदन ब्याने की तारीख से 45 दिनों के भीतर करना होता है।
नंदिनी कृषक समृद्धि योजना
यह योजना (Nandini Krishak Samridhi Yojana) उन लोगों के लिए है जो बड़े स्तर पर डेयरी बिजनेस शुरू करना चाहते हैं। इसमें 25 गायों की यूनिट स्थापित करने पर परियोजना लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान मिलता है। अधिकतम सब्सिडी 31.25 लाख रुपये है। इसके लिए पशुपालन का तीन साल का अनुभव और निर्धारित जमीन होना जरूरी है।
मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना
इस योजना (Mini Nandini Krishak Samridhi Yojana) के तहत,10 गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर 23.60 लाख रुपये की परियोजना लागत का 50 प्रतिशत यानी अधिकतम 11.80 लाख रुपये अनुदान मिल सकता है। इसके लिए भी तीन साल का पशुपालन अनुभव और करीब 0.20 एकड़ जमीन जरूरी है।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन के लिए नंद बाबा दुग्ध मिशन की आधिकारिक वेबसाइट [https://nandbabadugdhmission.up.gov.in/] पर जाएं। यहां पंजीकरण और संबंधित योजना के विकल्प उपलब्ध हैं। योजना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन करना होगा। स्वीकृत अनुदान की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। आवेदन से पहले पात्रता, जिले के लक्ष्य और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर जांच लें। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0522-4251709 पर भी कॉल कर सकते हैं।
