होली से ठीक पहले देश के निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक HDFC Bank ने एटीएम से UPI के जरिए कैश निकालने के नियमों में बदलाव की घोषणा की है। बैंक के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से UPI आधारित कैश विदड्रॉल को भी मासिक फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन लिमिट में गिना जाएगा। यानी अब UPI से निकासी भी सामान्य एटीएम निकासी की तरह मानी जाएगी।
फ्री लिमिट पार करने पर कितना लगेगा चार्ज?
बैंक ने साफ किया है कि यदि ग्राहक निर्धारित फ्री ट्रांजैक्शन सीमा से अधिक निकासी करते हैं, तो प्रत्येक अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये + लागू टैक्स देना होगा। यह नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और UPI कैश निकासी पर भी समान रूप से लागू रहेगा।
सेविंग्स और सैलरी अकाउंट की फ्री लिमिट
सेविंग्स और सैलरी अकाउंट होल्डर्स को हर महीने HDFC बैंक के एटीएम पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। अन्य बैंकों के एटीएम पर मेट्रो शहरों में 3 फ्री ट्रांजैक्शन, नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलते हैं। निर्धारित सीमा पार करने के बाद बैंक तय शुल्क वसूलता है।
अन्य बैंक एटीएम पर चार्ज
1 मई 2025 से लागू नियमों के अनुसार, अन्य बैंक एटीएम पर फ्री लिमिट के बाद कैश विदड्रॉल और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन (जैसे बैलेंस इंक्वायरी) पर 23 रुपये + टैक्स प्रति ट्रांजैक्शन चार्ज किया जाता है।
किन अकाउंट्स पर अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन?
कुछ करंट अकाउंट धारकों को HDFC बैंक एटीएम पर अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। इनमें Biz Lite+, Biz Pro+, Biz Ultra+, Biz Elite+, Flexi, Plus, Activ, Ascent, Max Advantage, Apex, Ultima, Merchant Advantage और Startup Current Account जैसे अकाउंट शामिल हैं।
डोमेस्टिक मर्चेंट और वेबसाइट पर चार्ज
घरेलू मर्चेंट आउटलेट्स और वेबसाइट पर डेबिट कार्ड से भुगतान करने पर सामान्यतः कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगता। हालांकि, Indian Railway Catering and Tourism Corporation (IRCTC) और रेलवे स्टेशनों पर टिकट बुकिंग के दौरान अलग से ट्रांजैक्शन चार्ज लागू होते हैं।
रेलवे स्टेशन: 30 रुपये प्रति टिकट + 1.8% ट्रांजैक्शन अमाउंट, IRCTC: 1.8% ट्रांजैक्शन चार्ज। सरकारी पेट्रोल पंप (HPCL, IOCL, BPCL) पर HDFC बैंक स्वाइप मशीन से भुगतान करने पर फ्यूल सरचार्ज लागू नहीं होगा।
