यूटिलिटी

तीन दिनों तक बंद रहेगा EPFO पोर्टल, करोड़ों लोग होंगे प्रभावित, जानें कैसे होगा काम

यदि आप भी EPFO पोर्टल की सेवाएं लेते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि 3 दिनों तक EPFO पोर्टल पूरी तरह से बंद रहने वाला है। आइए विस्तार से जानते हैं..

Image

तीन दिनों तक बंद रहेगा EPFO पोर्टल, करोड़ों लोग होंगे प्रभावित, जानें कैसे होगा काम (Image Source: iStock)

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्यों के लिए जरूरी खबर है। EPFO की ऑनलाइन सेवाएं 26 जून से 28 जून तक अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेंगी। संगठन ने बताया है कि यह बदलाव सिस्टम माइग्रेशन और तकनीकी अपग्रेड के कारण किया जा रहा है। इस दौरान EPFO पोर्टल के जरिए क्लेम जमा करने, क्लेम प्रोसेसिंग, पासबुक देखने और कुछ अन्य ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी आ सकती है।

क्यों बंद रहेगा EPFO पोर्टल?

EPFO अपने सिस्टम में बड़ा अपडेट करने जा रहा है। इसके तहत डेटाबेस को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने और सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन को अपग्रेड करने का काम किया जाएगा। EPFO के अनुसार, इस सिस्टम माइग्रेशन का उद्देश्य सेवाओं को बेहतर बनाना, प्रोसेसिंग की गति बढ़ाना और यूजर्स को बेहतर अनुभव देना है। EPFO की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 26 जून 2026 की रात 12 बजे से 28 जून 2026 रात 11:59 बजे तक पोर्टल के माध्यम से क्लेम जमा करने और प्रोसेसिंग की सुविधा अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

किन लोगों पर पड़ेगा असर?

इस तकनीकी बदलाव का असर EPF सदस्यों पर पड़ सकता है। जो लोग इस दौरान अपना PF क्लेम दाखिल करना चाहते हैं, पासबुक चेक करना चाहते हैं या किसी आवेदन की स्थिति देखना चाहते हैं, उन्हें EPFO वेबसाइट पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि, जरूरी सेवाओं के लिए अन्य विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

पोर्टल बंद रहने के दौरान क्या करें?

अगर आपको अपना PF बैलेंस चेक करना है, पासबुक देखनी है या क्लेम स्टेटस जानना है तो आप अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं। EPF सदस्य UMANG App के जरिए अपने खाते की जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से SMS सेवा और मिस्ड कॉल सुविधा के माध्यम से भी PF से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। EPFO की व्हाट्सएप आधारित सहायता सेवा के जरिए भी कई जानकारियां हासिल की जा सकती हैं।

अपडेट के बाद क्या बदलेगा?

सिस्टम अपग्रेड के बाद EPFO यूजर्स को कई सुविधाएं बेहतर तरीके से मिलने की उम्मीद है। इसमें आसान पासबुक व्यू, तेज क्लेम सेटलमेंट और बेहतर ऑनलाइन अनुभव जैसी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं। EPFO का कहना है कि यह अपग्रेड यूजर्स को ज्यादा सुविधाजनक और तेज डिजिटल सेवाएं देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article