यूटिलिटी

दिल्ली वालों की बल्ले-बल्ले! मुफ्त में मिलेगा LPG सिलेंडर

Delhi Free Gas Cylinder Scheme: दिल्ली सरकार ने राजधानी के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक नई योजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत 2026 में पात्र परिवारों को एलपीजी सिलेंडर मुफ्त में दिए जाएंगे। यह योजना खासकर त्योहारों जैसे होली और दिवाली के समय आर्थिक राहत देने और स्वच्छ रसोई गैस उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लागू की जाएगी।

Free LPG Cylinders (1)

दिल्ली वालों को मुफ्त में मिलेगा LPG सिलेंडर (Photo : iStock)

Delhi Free Gas Cylinder Scheme: दिल्ली सरकार ने राजधानी के आर्थिक रूप से कमजोर घरों के लिए एक नई कल्याणकारी योजना को मंजूरी दे दी है। TOI की एक रिपोर्ट के मुताबित, इस योजना के तहत, पात्र घरों को फ्री में एलपीजी (कुकिंग गैस) सिलेंडर दिया जाएगा। यह योजना होली और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर लागू की जाएगी। योजना के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को त्योहारों के समय वित्तीय राहत मिल सकेगी। इस पहल के लिए सरकार ने लगभग 300 करोड़ का बजट मंजूर किया है।

मुफ्त LPG सिलेंडर

सरकार की यह घोषणा बीजेपी के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने का हिस्सा भी है। पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में वादा किया था कि दिल्ली के गरीब परिवारों को होली और दिवाली पर एक‑एक मुफ्त LPG सिलेंडर मिलेगा, साथ ही 500 में एक सब्सिडी वाला सिलेंडर भी उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि इस सब्सिडी वाले सिलेंडर पर अभी अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।

किन लोगों को मिलेगा लाभ

इस योजना का लाभ दिल्ली के राशन कार्ड धारकों को दिया जाएगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अंतर्गत आते हैं। लाभार्थियों की पहचान राशन कार्ड डेटाबेस के जरिए की जाएगी और पात्र परिवारों को एक सिलेंडर के बराबर धनराशि सीधे उनके आधार‑लिंक्ड बैंक खाते में Direct Benefit Transfer (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि सहायता पारदर्शी रूप से लाभार्थियों तक पहुंचे और वे अपने नियमित गैस डिस्ट्रीब्यूटर से सिलेंडर खरीद सकें।

लाभार्थियों को मिलेगा अलर्ट

सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, DBT के जरिये ट्रांसफर किए जाने के बाद लाभार्थियों को SMS के जरिये अलर्ट भी भेजा जाएगा, ताकि उन्हें राशि के उनके खाते में जमा होने की जानकारी रहे।

गरीब परिवारों के लिए बड़ी सहायता

भारत में LPG सिलेंडर का इस्तेमाल रसोई गैस के रूप में साफ, सुरक्षित और आसान ईंधन के लिए होता है, लेकिन इसके बढ़ते दाम कई गरीब परिवारों के लिए बड़ा खर्च साबित होते हैं। पिछले वर्षों में LPG सिलेंडर की कीमतों में उतार‑चढ़ाव देखने को मिला है, जिससे घरेलू खर्च प्रभावित हुआ है। ऐसे में सरकार की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को त्योहारों पर राहत देने का काम करेगी।

रोजमर्रा का खर्च होगा कम

इस तरह की योजनाएं गरीब घरों की रोजमर्रा के खर्च को कम करने में मदद करती हैं और सरकारी समर्थन के साथ सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं। दिल्ली में यह इस तरह का पहला मौका है। इस योजना के शुरू होते ही लाभार्थियों को सीधे बैंक खातों में सहायता मिलने शुरू हो जाएगी, जिससे त्योहारों पर रसोई गैस जैसे अहम खर्च में कमी आएगी।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article