सरकार द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) का दायरा बढ़ाकर 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शामिल किए जाने के बाद लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर संयुक्त परिवारों में रहने वाले लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उन्हें कुल कितना हेल्थ कवर मिलेगा।
क्या संयुक्त परिवार को 15 लाख रुपये का कवर मिलता है?
सबसे ज्यादा पूछा जा रहा सवाल यह है कि अगर एक ही घर में पितृ पक्ष (दादा-दादी) और मातृ पक्ष (नाना-नानी) यानी दोनों ओर के दादा-दादी 70 साल से अधिक उम्र के हों, तो क्या परिवार को कुल 15 लाख रुपये का आयुष्मान कवर मिलेगा? इसका साफ जवाब है, नहीं। ऐसी स्थिति में भी 15 लाख रुपये का कवर नहीं मिलता।
PM-JAY के तहत फैमिली कवर कैसे काम करता है?
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये का हेल्थ कवर मिलता है। यह कवर पूरे परिवार के लिए होता है, जिसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र या लिंग की कोई सीमा नहीं होती। यह राशि सेकेंडरी और टर्शियरी अस्पताल में इलाज के लिए दी जाती है।
70+ वरिष्ठ नागरिकों को क्या अतिरिक्त फायदा मिलता है?
अक्टूबर 2024 में सरकार ने 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी नागरिकों को योजना में शामिल किया। यह सुविधा आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत दी जा रही है। इसके तहत परिवार में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों को अलग से 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलता है। इस तरह कुल कवर बनता है
- ₹5 लाख: सामान्य PM-JAY फैमिली कवर
- ₹5 लाख: 70+ वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त कवर
- यानी अधिकतम ₹10 लाख प्रति परिवार प्रति वर्ष।
दोनों तरफ के दादा-दादी साथ रहें तो क्या होगा?
यहीं सबसे ज्यादा भ्रम पैदा होता है। कई लोग मान लेते हैं कि दो अलग-अलग सेट के दादा-दादी होने पर अलग-अलग 5-5 लाख का कवर मिलेगा, यानी कुल 15 लाख रुपये, लेकिन आयुष्मान भारत पोर्टल की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ नागरिकों का 5 लाख रुपये का कवर भी फैमिली बेस्ड होता है, न कि प्रति व्यक्ति या प्रति दादा-दादी सेट। अगर एक ही परिवार में सभी वरिष्ठ नागरिक (70+) रहते हैं, तो यह 5 लाख रुपये का सीनियर सिटीजन कवर सभी बुजुर्गों के बीच साझा होता है।
अंतिम रूप से कितना कवर मिलेगा?
संयुक्त परिवार कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर सभी सदस्य एक ही फैमिली यूनिट में आते हैं, तो- ₹5 लाख: सामान्य फैमिली कवर
- ₹5 लाख: वरिष्ठ नागरिक टॉप-अप
- कुल अधिकतम कवर: ₹10 लाख प्रति वर्ष
- ₹15 लाख का कवर नहीं दिया जाता
वरिष्ठ नागरिकों के लिए जरूरी बातें
- 70 साल से ऊपर के बुजुर्ग निजी हेल्थ इंश्योरेंस या ESIC में होने के बावजूद पात्र हैं।
- CGHS वाले रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों को PM-JAY या CGHS में से एक चुनना होगा।
- एक बार सरकारी योजना छोड़कर PM-JAY चुनने के बाद फैसला बदला नहीं जा सकता।
- अलग-अलग रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं, “Add Member” विकल्प से बुजुर्ग जोड़े जा सकते हैं।
- हर पात्र वरिष्ठ नागरिक को अलग आयुष्मान कार्ड मिलता है।
- आवेदन ऑनलाइन पोर्टल या आयुष्मान मोबाइल ऐप से किया जा सकता है।
