1.5 Ton Split AC Gas leak Signs: गर्मियों के इस तपते मौसम में एयर कंडीशनर (AC) ही हमें भीषण गर्मी से राहत दिलाता है। लेकिन कई बार AC चालू होने के बावजूद कमरा ठंडा नहीं होता और हमें समझ नहीं आता कि आखिर खराबी कहा है। दरअसल, AC में कूलिंग कम होने के कई सारे कारण हो सकते हैं लेकिन, इनमें सबसे बड़ा कारण गैस (Refrigerant) का लीक होना है। वैसे तो एसी में गैस कई सालों तक चलती है लेकिन कई बार पाइप या कॉइल में खराबी के कारण गैस जल्दी लीक हो जाती है और कूलिंग भी लगभग खत्म हो जाती है।
अगर आप एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कर रहे हैं और सब कुछ सही होने के बाद भी कूलिंग नहीं मिल रही है तो हो सकता है कि गैस की कमी हो। आइए आपको कुछ ऐसे संकेतों को बारे में बताते हैं जिससे आप आसानी से पता कर सकते हैं कि एसी में गैस कम हो गई है या फिर खत्म हो चुकी है।
एसी ऑन होने पर भी कमरा ठंडा न होना
एसी में गैस खत्म होने का सबसे पहला और सबसे साफ संकेत यह है कि एसी घंटों आन रहने के बाद भी कमरा अच्छे से ठंडा नहीं होता। आप रिमोट से तापमान को कितना भी कम (जैसे 16 या 18 डिग्री) कर लें, लेकिन इनडोर यूनिट से निकलने वाली हवा में वह ठंडापन नहीं होता जो होना चाहिए। अगर एसी चलाने के आधे घंटे बाद भी कमरे के तापमान में कोई गिरावट न आए, तो समझ जाएं कि गैस लीक हो चुकी है।
इनडोर यूनिट की कूलिंग कॉइल को चेक करें
जब एसी में गैस या रेफ्रिजरेंट का लेवल जरूरत से बहुत ज्यादा कम हो जाता है, तो उसका दबाव (Pressure) भी घट जाता है। इस कम दबाव के कारण इनडोर यूनिट के अंदर मौजूद इवेपोरेटर कॉइल जिसे कूलिंग कॉइल के नाम से जानते हैं उसका माइनस में चला जाता है। इसकी वजह से कमरे की हवा में मौजूद नमी उस कॉइल पर जाकर जमने लगती है और धीरे-धीरे पूरी कॉइल पर बर्फ की एक मोटी परत जमा हो जाती है। अगर आप अपने स्प्लिट एसी का फ्रंट पैनल उठाकर देखें और वहां बर्फ जमी हुई दिखे, तो यह गैस खत्म होने का एक पक्का सबूत है।

AC iStock
आउटडोर यूनिट से चेक करें
अगर आप घर के अंदर लगी यूनिट को नहीं खोलना चाहते तो आप आउटडोर यूनिट को चेक करके भी पता कर सकते हैं। आउटडोर यूनिट से इनडोर यूनिट की तरफ दो तांबे (Copper) के पाइप जाते हैं—एक पतला पाइप (Discharge Line) और एक मोटा पाइप (Suction Line)। जब एसी में गैस कम होती है, तो आउटडोर यूनिट के इस पतले वाले पाइप पर बर्फ की सफेद परत जमने लगती है। यदि आपको इस पतले पाइप पर बर्फ जमी हुई दिखाई दे, तो तुरंत मैकेनिक को बुलाना चाहिए।
इनडोर यूनिट से पानी आना
क्या आपके कमरे के अंदर लगे एसी से अचानक पानी की बूंदें नीचे गिरने लगी हैं? दरअसल, जब गैस कम होने के कारण कूलिंग कॉइल पर बर्फ जमती है, तो जब आप एसी को बंद करते हैं या कंप्रेसर ट्रिप होता है, तो वह जमी हुई बर्फ तेजी से पिघलने लगती है। पिघला हुआ पानी एसी के ड्रेन पाइप से बाहर नहीं निकल पाता और पानी ओवरफ्लो होकर आपके कमरे की दीवार या फर्श पर टपकने लगता है। अगर आपके एसी के इनडोर यूनिट से पानी टपक रहा है तो समझ जाएं कि गैस कम है।
बिजली का बिल अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाना
एसी की गैस कम होने पर कंप्रेसर को कमरे को ठंडा करने के लिए बहुत ज्यादा और लगातार मेहनत करनी पड़ती है। सामान्य स्थिति में कमरा ठंडा होने पर कंप्रेसर अपने आप बंद (ट्रिप) हो जाता है, लेकिन गैस न होने के कारण तापमान कम ही नहीं होता। इस वजह से कंप्रेसर बिना रुके घंटों तक लगातार चलता रहता है। लगातार कंप्रेसर चलने का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ता है और महीने का बिजली का बिल सामान्य से दोगुना या बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।
