बच्चों वाली नकली बंदूक दिखाकर कर्मचारियों को डराया, फिर बैंक लूटकर फरार हो गई लड़की

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 16, 2022, 06:40 PM IST

Ajab Gajab News: लड़की ने बच्चों की खेलने वाली नकली बंदूक दिखाकर एक बैंक लूट लिया। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि लड़की ने अपने ही खाते के 10 लाख रुपये बैंक से लूटे।

बच्चों वाली नकली बंदूक दिखाकर कर्मचारियों को डराया, फिर बैंक लूटकर फरार हो गई लड़की
Photo Credit: People

Ajab Gajab News: बैंक लूटना कोई बच्चों का खेल नहीं, लेकिन एक लड़की ने बच्चों की खेलने वाली नकली बंदूक दिखाकर एक बैंक लूट लिया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गई। अब यह घटना पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गई है। इस घटना के बारे में जिसने भी जाना, वह हैरान रह गया। सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि लड़की ने अपने ही खाते के 10 लाख रुपये बैंक से लूटे। घटना लेबनान की है।

बैंक लूटने का कारनामा करने वाली इस लड़की का नाम सैली हाफिज है। 28 साल की लड़की अपने हाथ में बच्चों के खेलने वाली एक बंदूक लेकर बैंक पहुंची। इसके बाद उसने फिल्मी स्टाइल में बैंक कर्मचारियों को गन दिखाई और पैसे निकालने के लिए कहा। लड़की के हाथ में गन देखकर बैंक कर्मचारी इतना डर गए कि चीखने-चिल्लाने लगे। इसके बाद हाफिज ने कहा कि वह किसी को मारेगी नहीं, लेकिन उसे पैसे चाहिए। इसके बाद बैंक कर्मी ने उसके खाते से 10 लाख रुपये निकालकर उसे दे दिए।

वजह है हैरान करने वाली

अब आप सोच रहे होंगे कि जब लड़की को अपने ही खाते से पैसे चाहिए थे तो उसने बंदूक क्यों दिखाई। सैली ने एक वीडियो में यह बात खुद बताई कि उसे ये पैसे अपनी बहन के कैंसर के इलाज के लिए चाहिए थे। सैली ने बताया कि उसे 40 लाख रुपये चाहिए और उसके खाते में 16 लाख रुपये थे। ये पैसे बैंक में तीन साल से फंसे हुए थे। बैंक सिर्फ उसे 15 हजार रुपये ही पेमेंट कर रहा था। इसलिए उसे मजबूरन गन दिखाकर 10 लाख रुपये निकलवाने पड़े।

बता दें कि लेबनान में साल 2019 में आर्थिक संकट आने के बाद बैंकों में जमा राशि को तीन साल के लिए फ्रीज कर दिया गया है। लोग अपने पैसे निकालने के लिए परेशान हो रहे हैं। इसलिए लड़की को ऐसा कदम उठाना पड़ा। सबसे चकित कर देने वाली बात यह है कि लड़की ने इस पूरी घटना का लाइव वीडियो भी खुद ही रिकॉर्ड किया और फिर इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!