नई दिल्ली : शनिवार की शाम मशहूर व्यापारी आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आनंद महिंद्रा ने कूड़ा उठाने वाले दो लड़कों का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया था। इस वीडियो में दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में घरों से कूड़ा उठाने वाले दो लड़के बड़ी ही सुरीली आवाज में राहत फतह अली खान का गीत गुनगुना रहे थे।
आनंद महिंद्रा ने लिखा कि उन्हें यह वीडियो उनके दोस्त रोहित खट्टर ने भेजा है। लड़कों की आवाज से प्रभावित होकर आनंद महिंद्रा ने उन्हें मदद की पेशकश की। साथ ही उनके संगीत के प्रोफेशनल ट्रेनिंग का खर्च उठाने की भी इच्छा व्यक्त की। उनके इस पोस्ट के बाद से लगातार कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इन लड़कों के मदद करने की बात कही साथ इनके आवाज की खूब तारीफ भी की।
हमने भी रविवार को उन दोनों लड़कों की तलाश शुरू की। करीब तीन-चार घंटे की तलाश के बाद हम हबीबर और हाफिज को तलाशने में कामयाब रहे। दिल्ली के खादर गांव की झुग्गियों में हबीबर और हाफिज अपने परिवार के साथ रहते हैं। कूड़ा उठाना इनका पारिवारिक पेशा है। होश संभालने के बाद से ही इन लड़कों ने कूड़ा उठाने का काम शुरू किया। गरीबी की वजह से यह दोनों भाई पढ़ाई नहीं कर पाए। आनंद महिंद्रा के दोस्त रोहित खट्टर के परिवार के किसी सदस्य ने इन दोनों लड़के की वीडियो बनाई। रोहित खट्टर के माध्यम से यह वीडियो आनंद महिंद्रा तक पहुंच गया।