World Lake Day 2026: इंटरनेट पर झील की तस्वीर देखते ही अगर आपके दिमाग में सबसे पहले पांगोंग या नैनीताल का नाम आता है, तो जरा ठहरिए। भारत में झीलों की दुनिया इससे कहीं ज्यादा बड़ी और दिलचस्प है। कुछ झीलें ऐसी हैं, जिनके सामने पहुंचकर लगता है कि प्रकृति ने इन्हें जानबूझकर भीड़ से बचाकर रखा है। यहां न हर कोने पर सेल्फी लेने वालों की लाइन मिलती है और न ही हर जगह पर्यटकों का शोर। इसके बदले मिलती है खुली हवा, पहाड़ों की खामोशी, जंगलों की खुशबू और पानी पर पड़ती आसमान की परछाई।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - उज्जैन-इंदौर से आगे भी है MP की दुनिया, इन अनसुने ठिकानों को करें एक्सप्लोर
आज World Lake Day पर ऐसी ही कम चर्चित झीलों को याद करना दिलचस्प है। खास बात यह है कि इन झीलों की खूबसूरती सिर्फ देखने में नहीं, बल्कि उनकी कहानी और आसपास के माहौल में भी छिपी है। अगर आप अगली यात्रा में इंटरनेट की ट्रेंडिंग जगहों से थोड़ा अलग जाना चाहते हैं, तो इन 3 लेक डेस्टिनेशन्स को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर शामिल करें।
Underrated Lakes of India
1. त्सो मोरीरी, लद्दाख
लद्दाख का नाम आते ही पांगोंग झील याद आना स्वाभाविक है। लेकिन उसी इलाके में त्सो मोरीरी है, जो कम भीड़ के बीच अपनी विशाल खूबसूरती दिखाती है। यह चांगथांग क्षेत्र में करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और चारों तरफ से पहाड़ों से घिरी है।
यहां पहुंचकर सबसे खूबसूरत अनुभव नीले पानी के साथ सूखे पहाड़ और खुला आसमान को देखना हैं। यह जगह प्रकृति प्रेमियों के लिए भी खास है। गर्मियों में यहां प्रवासी पक्षियों को देखा जा सकता है। त्सो मोरीरी एक संरक्षित वेटलैंड भी है।
2. गुरुडोंगमर झील, सिक्किम
अगर आपको ऐसी जगह चाहिए जहां पहुंचना ही एक रोमांच हो, तो गुरुडोंगमर झील का नाम याद रखें। करीब 17,800 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह भारत की सबसे ऊंची झीलों में शामिल है। बर्फीले पहाड़, साफ आसमान और झील का नीला पानी मिलकर ऐसा दृश्य बनाते हैं जो किसी कल्पना से कम नहीं लगता।
लेकिन इसकी पहचान सिर्फ खूबसूरती तक सीमित नहीं है। यह बौद्ध और सिख दोनों परंपराओं में श्रद्धा का स्थान रखती है। स्थानीय मान्यता के अनुसार इसका संबंध गुरु पद्मसंभव से जुड़ी कथा से है।
3. गमगुल सियाबिन, हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश की गमगुल सियाबिन झील उन जगहों में शामिल है, जिसका नाम बहुत कम लोगों की ट्रेवलिंग लिस्ट में शामिल होता है। चंबा क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों में मौजूद यह इलाका अपनी कच्ची, अनछुई खूबसूरती के लिए खास है। यहां आपको ऊंचे पहाड़, बादलों से ढकी चोटियां और बिल्कुल शांत वातावरण देखने को मिलता है।
जरूर ही अगर आपको जिंदगी मौका दे, तो एक बार इन खूबसूरत झीलों को करीब से देखना ही चाहिए और कुछ सुकून के पल यहां जरूर गुजारने चाहिए।
