यात्रा

मनाली जाएं तो इन 6 जगहों पर जाना न भूलें, यकीनन दिल हार बैठेंगे

  • Written by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 8, 2023, 05:22 PM IST

हम आपको हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली के बारे में बता रहे हैं जो आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है।

Image

मनाली की करें सैर

Top Destinations in Manali: जून का मौसम चल रहा है और उत्तर भारत में गर्मी का असर भी नजर आने लगा है। पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद अब तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में आप किसी ठंडी जगह जाने का प्लान जरूर बना रहे होंगे। हम आपको ऐसी ही एक जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जिसका नाम आपने जरूर सुना होगा। जी हां, हम आपको हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली के बारे में बता रहे हैं जो आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है। कुल्लू जिले का मनाली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। हम आपको बता रहे हैं यहां आसपास के पांच ऐसे स्पॉट जहां आप घूमने का लुत्फ उठा सकते हैं।

हिडिम्बा देवी मंदिर

Hadimba Devi Temple: जैसा कि नाम से जाहिर है कि ये मंदिर भीम की पत्नी हिडिंबी देवी को समर्पित है। यह एक प्राचीन गुफा मंदिर है, जो महाभारत के भीम की पत्नी हिडिम्बा देवी को समर्पित है। यह मनाली में सबसे लोकप्रिय मंदिरों में से एक है। इसे ढुंगरी मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। मनाली घूमने जाएं तो यहां जरूर जाएं। यहां आने वाले सैलानी इस मंदिर को देखने जरूर आते हैं। यह जंगल के बीच में स्थित है। स्थानीय लोगों ने मंदिर का नाम आसपास के वन क्षेत्र के नाम पर रखा है। हिल स्टेशन में स्थित होने के कारण बर्फबारी के दौरान भी इस मंदिर को देखने के लिए भारी संख्या में सैलानी यहां जुटते हैं। इस मंदिर में देवी की कोई मूर्ति स्थापित नहीं है बल्कि हिडिम्बा देवी के पदचिह्नों की पूजा की जाती है।

Manali HIdimba temple

Manali HIdimba temple

जोगिनी फॉल्स

Jogini Falls: मनाली में स्थित जोगिनी जलप्रपात अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां लोग सिर्फ झरना देखने ही नहीं बल्कि ट्रैकिंग के लिए भी पहुंचते हैं। ये जलधारा ब्यास नदी में शामिल हो जाती है। इसका नाम ग्राम देवी जोगिनी के नाम पर रखा गया है और इसे पवित्र माना जाता है। जोगिनी फॉल्स की पूरी यात्रा 7 किलोमीटर की है और इसमें लगभग 6 घंटे लगते हैं। लेकिन यह आपकी ताकत, फिटनेस और क्षमता पर निर्भर करता है कि आप कितनी देर में इसे तय करते हैं।

Jogini Falls Manali

Jogini Falls Manali

कुल्लू

Kullu: मनाली से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है कुल्लू जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। यहां आप पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग का मजा उठा सकते हैं। यहां ब्यास नदी की चौड़ाई कम होती है और चट्टानों के कारण पानी में लहरें उठती हैं जो राफ्टिंग के लिए बेहद उपयुक्त है। यहां आपको पारंपरिक हिमाचली कपड़ों की दुकानें भी मिल जाएंगे जहां से आप खरीदारी कर सकते हैं। पर्यटक अक्सर हिमाचली टोपी, मफलर, कोटी और स्वेटर की खरीदारी यहीं करते हैं। कुल्लू की ऊंची चोटियां बेहद खूबसूरत नजर आती हैं।

रोहतांग

Rohtang Pass: मनाली घूमने जाएं तो भला ये कैसे हो सकता है कि रोहतांग दर्दा का दौरा न करें। मनाली का सबसे बड़ा आकर्षण रोहतांग ही है। यहां बर्फ से ढंकी पहाड़ियां आपको रोमांचित कर देगी। मनाली से करीब 50 किमी दूर स्थित रोहतांग में जून का महीना बेहद खुशनुमा होता है। यहां आप लगभग पूरा दिन बिता सकते हैं। बर्फ की चोटियां पर ट्रैकिंग के लिए मनाली में ही आपको जैकेट और बूट किराए पर मिल जाएगा। कार-टैक्सी से करीब 2 घंटे के सफर के बाद आप रोहतांग पहुंच जाएंगे। इसके बाद रोमांच की शुरुआत होगी। बर्फ के साथ-साथ आप लेक और नदी में भी आनंद उठा सकते हैं। पानी के बीच बिखरे पत्थरों-चट्टानों पर बैठकर आप वादियों का लुत्फ उठा सकते हैं।

Rohtang Pass

Rohtang Pass

सोलांग वैली

Solang Valley: मनाली के पास ही करीब 12 किमी की दूर पर स्थित है सोलांग वैली जिसकी वादियां बेहद दिलकश है। इन वादियों में आप कई घंटे बिता सकते हैं। जून का मौसम इसे और खूबसूरत बना देता है। यहां आप पैराग्लाइडिंग का लुत्फ भी उठा सकते हैं। जंगलों के बीच हरी-भरी घास में बैठकर खाने का मजा ले सकते हैं। फोटोग्राफी का शौक हो तो इससे बेहतर जगह कोई दूसरी नहीं। ऊंच-ऊंचे पेड़ों के बीच प्राकृतिक सुंदरता को निहारना का इससे बेहतर मजा और कहीं नहीं मिलेगा। यहां से आप हिमाचल के फल और शहद भी खरीद सकते हैं।

माल रोड

Mall Road: मनाली जाएं और जमकर खरीदार न करें ये कैसे हो सकता है। मनाली का माल रोड आपकी ये इच्छा जरूर पूरी करेगा। पहाड़ों के बीच बने माल रोड की खूबसूरती आपका दिल जीत लेगी। यहां आप हर चीज की खरीदारी कर सकते हैं, खास तौर पर कपड़ों की। यहां आपको सेल में अच्छे कपड़े मिल जाएंगे। इसके अलावा घर को सजाने के लिए खरीदारी की ये सबसे बेहतर जगह है। साथ ही अगर आप खाने के शौकीन हैं तो यहां अपनी ये इच्छा भी पूरी कर सकते हैं। हिमाचल के पारंपरिक खाने सिट्टू के अलावा आपको पंजाबी और नॉर्थ इंडिया का स्वादिष्ट खाना भी मिल जाएगा। यहां कई होटल भी बने हैं जहां स्टे भी कर सकते हैं। ये एक ऐसा मार्केट है जहां आप दिनभर भी घूमेंगे और खरीदारी करेंगे तो थकेंगे नहीं।
Manali mall raod

Manali mall raod

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article