यात्रा

Heatwave: यहां पहुंचते ही भूल जाएंगे हीटवेव, गर्मियों में जन्नत बन जाती हैं ये 5 जगहें

Heatwave: गर्मियों का मौसम आते ही लोग ठंडी जगहों की तलाश में निकल पड़ते हैं। लेकिन अब हाल ये है कि कई मशहूर हिल स्टेशन भी गर्म हवाओं की चपेट में आने लगे हैं।

Image

यहां पहुंचते ही भूल जाएंगे हीटवेव

Heatwave: उत्तर भारत में इस वक्त भयंकर हीटवेव चल रहा है जिसने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। एक जमाना था जब भारतीय पर्यटक गर्मी आते ही पहाड़ों की ओर भागने लगते थे। लेकिन, ज्यादा भीड़भाड़ के चलते इस साल तो पहाड़ भी जाकर लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। शिमला में पर्यटकों को पोर्टेबल पंखे लिए घूमते देखना, मसूरी की सड़कों का अत्यधिक गर्म होना और मनाली का असामान्य रूप से गर्म होना एक बात साफ करता है कि हीटवेव की लहर पहाड़ों पर भी चढ़ गई है। अगर गर्मियों की छुट्टियों में आप हीटवेव से बचना चाहते हैं और धुंध भरी सुबह और ठंडी हवाओं का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो यहां 5 ऐसी जगहें हैं जिनके बारे में कम लोग जानते हैं और वह अभी भी पर्यटकों को गर्मी से राहत दे रही हैं।

1- तवांग, अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल प्रदेश का तवांग उन लोगों के लिए परफेक्ट जगह है जो गर्मी से दूर पहाड़ों की ठंडी गोद में कुछ दिन बिताना चाहते हैं। पूर्वी हिमालय की ऊंची वादियों में बसा यह शहर मई-जून में भी काफी ठंडा रहता है। यहां पहुंचते ही ऐसा लगता है जैसे जिंदगी की भागदौड़ अचानक धीमी पड़ गई हो। रास्ते भर बादलों से ढके पहाड़, घुमावदार सड़कें और शांत माहौल सफर को यादगार बना देते हैं। तवांग मठ, खूबसूरत झीलें और हर तरफ फैली हरियाली यहां आने वालों का दिल जीत लेती है।

2- मुनस्यारी, उत्तराखंड

अगर आप उत्तराखंड की भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और ठंडी जगह की तलाश में हैं, तो मुनस्यारी शानदार विकल्प हो सकता है। नेपाल और तिब्बत की सीमा के करीब बसा यह छोटा सा पहाड़ी कस्बा अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। यहां से पंचचूली की बर्फ से ढकी चोटियां इतनी सुंदर दिखती हैं कि नजरें हटाना मुश्किल हो जाता है। सुबह-सुबह जंगलों के ऊपर तैरता कोहरा और शाम की ठंडी हवा पूरे माहौल को जादुई बना देती है। यहां का शांत वातावरण मन को पूरी तरह रिलैक्स कर देता है।

3- युसमर्ग, कश्मीर

कश्मीर घूमने वाले ज्यादातर लोग गुलमर्ग और पहलगाम चले जाते हैं, लेकिन युसमर्ग आज भी काफी हद तक भीड़ से बचा हुआ है। श्रीनगर से कुछ घंटों की दूरी पर मौजूद यह जगह गर्मियों में भी बेहद ठंडी रहती है। यहां दूर-दूर तक फैले हरे मैदान, देवदार के जंगल और शांत माहौल ऐसा एहसास कराते हैं जैसे आप किसी फिल्मी दुनिया में आ गए हों। अगर आपको शांति पसंद है और प्रकृति के बीच सुकून भरा समय बिताना चाहते हैं, तो युसमर्ग जरूर जाना चाहिए।

4- कल्पा, हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश के कई मशहूर हिल स्टेशन अब पहले जितने ठंडे नहीं रहे, लेकिन कल्पा आज भी अपनी ठंडी हवाओं और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। किन्नौर इलाके में बसा यह छोटा सा गांव किन्नौर कैलाश पर्वतमाला के शानदार नजारों के लिए मशहूर है। यहां ना तो ज्यादा भीड़ मिलती है और ना ही शहरों जैसा शोर। सेब के बाग, लकड़ी से बने घर और पहाड़ों से आती ठंडी हवा इस जगह को खास बना देती है। यहां पहुंचकर ऐसा लगता है जैसे समय कुछ देर के लिए रुक गया हो।

5- हाफलोंग, असम

असम का हाफलोंग पूर्वोत्तर भारत की सबसे खूबसूरत लेकिन कम चर्चित जगहों में से एक माना जाता है। इसे अक्सर ‘पूर्व का स्विट्जरलैंड’ भी कहा जाता है। चारों तरफ फैली हरी-भरी पहाड़ियां, शांत झीलें और ठंडा मौसम इसे गर्मियों के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन बनाते हैं। यहां की ताजी हवा और सुकून भरा माहौल शहर की गर्मी और भागदौड़ से पूरी तरह राहत दिलाता है। अगर आप इस बार किसी नई और अलग जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो हाफलोंग जरूर आपकी लिस्ट में होना चाहिए।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article