Karthigai Deepam: तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर शनिवार (28 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत विवादित ‘दीपथून’ पत्थर के खंभे पर कार्तिकई दीपम प्रज्वलित किया गया। इस संवेदनशील घटनाक्रम के बीच पहाड़ी स्थित सिकंदर दरगाह पर बड़ी संख्या में मुस्लिम श्रद्धालु इबादत के लिए पहुंचे, जबकि हिंदू श्रद्धालुओं ने सुरक्षा संभाल रहे सीआरपीएफ जवानों पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।
सुबह से दरगाह पहुंचे श्रद्धालु
थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर अरुल्मिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह दोनों स्थित होने के कारण यह स्थल बेहद संवेदनशील माना जाता है। रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों और पड़ोसी केरल से आए 100 से अधिक मुस्लिम श्रद्धालु सुबह करीब 6:15 बजे पहाड़ी की तलहटी में जुटने लगे और दरगाह में नमाज व दुआ के लिए ऊपर गए। सख्त सुरक्षा और हालिया पाबंदियों के बावजूद सुरक्षा जांच और सत्यापन के बाद मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह में जाने की अनुमति दी गई।
शाम 5 बजे प्रज्वलित हुआ दीपम
सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने की तैयारियों के बीच शाम करीब 5 बजे परंपरागत दीप जलाया गया। पहाड़ी पर होने वाले समारोह में केवल 50 श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति दी गई, जबकि तलहटी में हजारों लोग इस दृश्य के साक्षी बने। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त मद्रास हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन ने मंदिर पूजा के बाद पुजारियों को पारंपरिक तांबे का पात्र (कोप्पराई) सौंपा। दीप जलाने की सुविधा के लिए अस्थायी मचान बनाया गया था, वहीं सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने दरगाह के आसपास 50 मीटर का बफर जोन बनाए रखते हुए पूरी पहाड़ी की सुरक्षा संभाली, ताकि मुस्लिम श्रद्धालुओं की आवाजाही बाधित न हो।
सीआरपीएफ जवानों पर फूलों की बारिश
जहां मुस्लिम श्रद्धालु दरगाह की ओर जा रहे थे, वहीं पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा संभालने पहुंचे सीआरपीएफ जवानों का स्थानीय लोगों और हिंदू श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया. सामने आए दृश्यों में तलहटी में पहुंच रहे केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों और उनके वाहनों पर लोग फूल बरसाते दिखे। दीप प्रज्वलित करने को लेकर बढ़े तनाव के बीच पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंपे जाने को एक बड़ा प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। रातोंरात आरएएफ इकाइयों के साथ सीआरपीएफ की एक कंपनी मंदिर परिसर के पास पहुंची और पहाड़ी के रास्तों पर जांच चौकियां स्थापित कीं। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि सीआरपीएफ मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह व मस्जिद में इबादत से न रोका जाए। तलहटी में तमिलनाडु पुलिस के जवान भी श्रद्धालुओं के पंजीकरण, सत्यापन और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए तैनात रहे।
सुप्रीम कोर्ट ने क्यों दिया दीपथून पर दीप जलाने का आदेश?
यह पूरा घटनाक्रम दीपथून पर कार्तिकई दीपम जलाने से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद सामने आया है। 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार की व्यवस्था के तहत दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को वार्षिक कार्तिकई दीपम उत्सव के दौरान निर्धारित स्थान के बजाय उचिपिल्लयार मंदिर के पास दीप जलाया गया। आदेश का पालन न होने पर तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों और मंदिर प्रशासन के खिलाफ अवमानना याचिकाएं दायर की गईं। याचिकाकर्ता रामा रविकुमार की एक याचिका में यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई थी कि क्या मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय या उनके किसी मंत्री ने अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू न करने का निर्देश दिया था।
मंदिर पदाधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की सुप्रीम कोर्ट पीठ ने शुक्रवार (27 नवंबर) को तमिलनाडु के मुख्य सचिव एम. साई कुमार, पुलिस महानिदेशक महेश अग्रवाल और 13 अन्य अधिकारियों व मंदिर पदाधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए। पीठ ने कहा कि घटनाक्रम से ऐसा लगता है कि कार्यकारी अधिकारी अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम कर रहे थे, और न्यायपालिका की गरिमा व न्याय प्रशासन की शुचिता बनाए रखने के लिए इसकी जांच आवश्यक है। हालांकि मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से अवमानना नोटिस जारी नहीं किया गया, लेकिन कोर्ट ने मुख्य सचिव को फोन कॉल, संदेशों और बैठकों सहित संवाद का ब्योरा देते हुए हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया और नोटिस पाने वाले अधिकारियों को 15 दिसंबर को पेश होकर कारण बताने को कहा। साथ ही, कोर्ट ने शनिवार (28 नवंबर) को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश भी दिया।
10 दिसंबर को दरगाह का वार्षिक उर्स
शुक्रवार की सुनवाई के दौरान दरगाह का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि दरगाह में सामान्य तौर पर करीब 100 से 200 लोग आते हैं और वार्षिक उर्स या संथानकुडू उत्सव 10 दिसंबर को अलग से आयोजित किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत दोनों धार्मिक स्थलों को कड़ी सुरक्षा के दायरे में रखते हुए यह व्यवस्था बनाई गई कि कार्तिकई दीपम समारोह बिना किसी बाधा के संपन्न हो और दरगाह की धार्मिक गतिविधियों पर भी असर न पड़े।
