यात्रा

Bijnor Rafting: यूपी के इस जिले में शुरू हुई रिवर राफ्टिंग, वीकेंड में जरूर बनाएं ट्रैवल प्लान; जानें किराया समेत सभी जरूरी जानकारी

Bijnor Rafting: अगर आप राफ्टिंग के शौकीन हैं, तो अब आपको मनाली या फिर ऋषिकेश जाने की जरूरत नहीं है। यूपी के बिजनौर जिले में राम गंगा नदीं में राफ्टिंग की शुरुआत हो गई है। एक बार में यहां 8 लोग एक साथ राफ्टिंग का मजा ले सकते हैं।

Image

Bijnor Rafting: यूपी के बिजनौर में शुरू हुई रिवर राफ्टिंग।

Bijnor Rafting: उत्तर भारत में राफ्टिंग के लिए टूरिस्ट खासतौर से उत्तराखंड के ऋषिकेश या फिर हिमाचल प्रदेश के मनाली पहुंचते हैं। ये दोनों ही जगह राफ्टिंग के लिए काफी फेमस है और टूरिस्ट देश के कोने-कोने से यहां घूमने के साथ राफ्टिंग भी करते हैं। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश से भी लोग इन दोनों जगहों पर राफ्टिंग के लिए पहुंचते हैं। अगर आप यूपी में रहते हैं और राफ्टिंग के शौकीन हैं, तो अब अपने राज्य में इसे कर सकते हैं। राफ्टिंग के लिए आपको यूपी के बिजनौर जिले में आना होगा।

एक हफ्ते पहले हुआ था ट्रायल

रविवार को बिजनौर की राम गंगा नदी में राफ्टिंग की शुरुआत हो गई है। जिले के डीएम और सीडीओ ने राम गंगा नदी में राफ्टिंग का शुभारंभ कर जिले को एक शानदार तोहफा दिया है। इस दौरान डीएम, सीडीओ समेत कई अधिकारियों ने राफ्टिंग का लुत्फ भी उठाया। एक हफ्ते पहले राम गंगा नदी में टीम ने राफ्टिंग का ट्रायल किया था। ट्रायल सफल होने के बाद रविवार को इसका शुभारंभ कर दिया गया।

एक बार में 8 लोग एक पाएंगे राफ्टिंग

राफ्टिंग का शुभारंभ करते हुए डीएम ने कहा कि बिजनौर जिले में राफ्टिंग शुरू होने के बाद यहां पर्यटन बढ़ने की उम्मीद है। साथ कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा का भी खास ध्यान रखा जाएगा। राफ्टिंग के पहले ही दिन रविवार को करीब 30 लोगों ने राफ्टिंग की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही एवं एक्सपोलर इंडियन एडवेंचर कंपनी की मालिकन ने बताया कि एक बार में 8 लोग एक राफ्ट में राफ्टिंग कर सकते हैं और साथ में एक गाइड रहेगा। साथ ही कहा कि राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर खास ख्याल रखा गया है, जिसमें हर किसी को लाइफ गाइड जैकेट और हेलमेट पहनाया जाएगा।

राफ्टिंग के लिए कितना है किराया

अब अगर किराये की बात करें तो 4 किलोमीटर राफ्टिंग के लिए 300 रुपए और 9 किलोमीटर राफ्टिंग के लिए 500 रुपए खर्च करने होंगे। राफ्टिंग के लिए कुल 9 लोगों की टीम लगाई गई है, जिसमें दो गाइड भी शामिल हैं। अगर आप यहां आना चाहते हैं, तो दिल्ली से बिजनौर जिले की दूरी करीब 175 किलोमीटर है। आप अपनी बाइक या कार से खुद ड्राइव करके भी यहां पहुंच सकते हैं। इसके अलावा प्राइवेट टैक्सी, ट्रेन, प्राइवेट बस या फिर सरकारी बस से भी आप यहां आसानी से पहुंच पाएंगे।

Deepak Pokharia
दीपक पोखरियाauthor

पहाड़ से हूं, इसलिए घूमने फिरने का शौक है। दिल्ली-नोएडा से ज्यादा उत्तराखंड में ही मन लगता है। कई मीडिया संस्थानों से मेरी करियर यात्रा गुजरी है और मई 2022 से Times Network में timesnowhindi.com के साथ जुड़ा हूं। यहां शुरूआत खबरों से हुई और अब नजरें फीचर टीम के जरिए पाठकों की पसंद के लेख लिखने पर रहती है। घुमक्कड़ी पसंद होने की वजह से मुख्य जिम्मेदारी timesnowhindi.com/travel की है। वैसे मैं देवभूमि उत्तराखंड के नैनीताल से हूं और यहीं पर जन्म हुआ। पढ़ाई की शुरुआत फिरोजपुर (पंजाब) से हुई। इसके बाद लखनऊ (उत्तर प्रदेश), रामपुर (उत्तकर प्रदेश), हल्द्वानी (उत्तराखंड) होते हुए देश की राजधानी दिल्ली से पढ़ाई की। हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया। साथ ही NIIT से GNIIT किया। इसके बाद दिल्ली से भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव। टीवी, वेबसाइट और मोबाइल ऐप में अब तक काम किया। नौकरी की शुरुआत 2011 से की। अभी टाइम्स नाऊ नवभारत में 2 से अधिक सीनियर करोस्पेंडट के पद पर हूं। यात्रा सेक्शन से जुड़ने से पहले करीब डेढ़ साल पहले तक न्यूज में ही काम किया।

और पढ़ें
End of Article