IRCTC Nepal Package: भारतीय लोग घूमने (Travel) के बड़े शौकीन हैं। आमतौर पर भारतीय छुट्टियों में कहीं न कहीं घूमने के लिए निकल पड़ते हैं। देश के साथ विदेशों में भी भारतीय घूमने के लिए खूब जाते हैं। ज्यादातर भारतीय उन देशों में जाना पसंद करते हैं, जहां भारतीय रुपए की कीमत कम होती है। भारतीयों का पड़ोसी हिंदू देश नेपाल (Nepal) भारतीयों की फेवरेट जगहों में से एक है। हर साल लाखों भारतीय देश के अलग-अलग बॉर्डर से नेपाल घूमने के लिए जाते हैं। यहां आप सड़क से लेकर फ्लाइट के माध्यम से आसानी से पहुंच सकते हैं। इसी को देखते हुए आईआरसीटीसी भी नेपाल के लिए कई पैकेज हर महीने निकालता रहता है। जून के महीने के लिए भी नेपाल को लेकर आईआरसीटीसी एक शानदार एयर टूर पैकेज लाया है।
नेपाल को लेकर आईआरसीटीसी ने जो ये पैकेज निकाला है, वह 5 रात और 6 दिन का है। नेपाल का ये पैकेज 14 जून को देश के सबसे साफ शहर इंदौर से शुरू होगा। आईआरसीटीसी ने इस पैकेज को MYSTIC NEPAL – A SPIRITUAL JOURNEY नाम दिया है। आप इस पैकेज में नेपाल की राजधानी काठमांडू घूमने के साथ ही पोखरा भी विजिट कर पाएंगे। इन दोनों जगहों में घूमने के लिए पशुपतिनाथ मंदिर, पाटन दरबार स्क्वायर, स्वयंभूनाथ स्तूप, मनकामना मंदिर सबसे खास हैं।

Nepal Package
इस पैकेज में आप 3 रातें काठमांडू और 2 रातें पोखरा में रहेंगे
अगर आप इस पैकेज को लेते हैं तो आप काठमांडू में 3 रातें और पोखरा में 2 रातें गुजारेंगे। इंदौर से काठमांडू आपको फ्लाइट के माध्यम से ले जाया जाएगा, जिसमें आपको इंडिगो एयरलाइंस का इकोनॉमी टिकट मिलेगा। वापसी 19 जून को काठमांडू से होगी। इस पूरे पैकेज में कुल सीटों की संख्या 35 की है, जिसमें एक टूर मैनेजर भी शामिल होगा। अगर इस पैकेज में खाने-पीने की बात करें तो आपको इस पैकेज में ब्रेकफास्ट और डिनर मिलेगा।
अगर आप इस पैकेज को बुक करना चाहते हैं तो आपके अकेले के लिए 52,500 रुपए खर्च करने होंगे। इसके अलावा अगर दो लोग एक साथ इस पैकेज को शेयरिंग करना चाहते हैं, तो उन्हें 44,900 रुपए देने होंगे। इसी तरह तीन लोगों के लिए इस पैकेज की कीमत 44,300 रुपए है। वहीं अगर आपके साथ बच्चा (5-11 साल) है तो आपको उसके लिए बेड लेने पर 43,000 रुपए देने होंगे, लेकिन अगर आप उसके लिए बेड नहीं लेना चाहते हैं तो आपको 40,800 रुपए ही देने होंगे।
