IRCTC Mata Vaishno Devi Package: पिछले कुछ सालों में भारत में लोग काफी ज्यादा घूमने लगे हैं। इसी महीने 26 जनवरी को आने वाले लॉन्ग वीकेंड में लोग कहीं न कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं। अगर आप भी इस लॉन्ग वीकेंड में कहीं घूमने का सोच रहे हैं तो ये खबर आपके बड़े काम की हो सकती है। दरअसल आईआरसीटीसी ने माता वैष्णो देवी मंदिर को लेकर एयर टूर पैकेज निकाला है, जिसमें आप यहां माता के दर्शनों के लिए आ सकते हैं।
आईआरसीटीसी के इस एयर टूर पैकेज का नाम MATA VAISHNODEVI (WMA72) है। ये एयर टूर पैकेज 2 रात और 3 दिन का है। ये पैकेज इसी महीने की 26 तारीख, यानी 26 जनवरी को मुंबई से शुरू होगा। ट्रैवलिंग मोड फ्लाइट का रहेगा, जिसमें मुंबई से जम्मू आना-जाना इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से होगा।
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में शामिल है 2 ब्रेकफास्ट और 2 डिनर
आईआरसीटीसी के इस एयर टूर पैकेज में आप डीलक्स होटल में रुकेंगे, जहां 2 दिन आप कटरा में रहेंगे। मील प्लान की बात करें तो आपको इस पैकेज में 2 ब्रेकफास्ट और 2 डिनर मिलेगा। पिकअप और ड्रॉप नॉन एसी गाड़ी से मिलेगा। इस एयर टूर पैकेज में आपको ट्रैवल इंश्योरेंस भी मिलेगा। साथ ही इस टूर पैकेज की प्राइस में जीएसटी भी शामिल है।
बात अगर इस टूर पैकेज के प्राइस की करें तो सिंगल बुक करने पर आपको 28,000 रुपए खर्च करने होंगे। वहीं डबल शेयरिंग में 25,000 रुपए और ट्रिपल शेयरिंग में 24,600 रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा 5 साल से 11 साल तक के बच्चे के लिए बेड लेने पर 23,500 रुपए, 5 साल से 11 साल तक के बच्चे के लिए बेड नहीं लेने पर 23,200 और 2 साल से 4 साल तक के बच्चे के लिए बेड नहीं लेने पर 21,800 रुपए खर्च करने होंगे। अगर आप भी इस एयर टूर पैकेज को बुक करने की सोच रहे हैं तो आप इसे आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर खुद बुक कर सकते हैं।
