Himachal Tourism: हिमाचल अपने पहाड़ी दृश्य और शांत वातावरण के लिए पर्यटकों को लुभाता रहा है। जब भी हिमाचल प्रदेश घूमने की बात आती है, तो ज्यादातर लोग शिमला, मनाली या धर्मशाला का नाम लेते हैं। लेकिन सच कहें तो हिमाचल की असली खूबसूरती उन जगहों में छिपी है, जहां अभी भी ज्यादा भीड़ नहीं पहुंची। ऐसे में इस आर्टिकल के माध्यम से हम आपको 3 ऐसी जगहें और गतिविधियों के बारे में बताएंगे जो आपको भीड़ से राहत देने का काम कर सकती हैं।
कल्पा: यहां हर सुबह पोस्टकार्ड जैसी लगती है। किन्नौर जिले में मौजूद कल्पा ऐसी जगह है, जहां से बर्फ से ढकी किन्नौर कैलाश पर्वत श्रृंखला का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। सुबह के समय यहां का दृश्य इतना खूबसूरत होता है कि कैमरा भी उसकी पूरी खूबसूरती कैद नहीं कर पाता। सेब के बाग, शांत सड़कें और ठंडी हवा इस जगह को बेहद खास बनाते हैं। यहां आकर आपको ऐसा लगेगा जैसे समय थोड़ा धीमा हो गया हो। कल्पा उन लोगों के लिए परफेक्ट है जो भीड़ से दूर पहाड़ों के बीच शांति ढूंढते हैं।
होल्टा, कुल्लू: कुल्लू घाटी के पास स्थित होल्टा में आपको शांति और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा। ट्रैकिंग, कैम्पिंग और शांति की खोज में अगर आप यात्रा का प्लान बना रहे हैं तो इस बार होल्टा, कुल्लू का रुख करें। हवा में ताजगी में आप यहां आसपास के पहाड़ों का खूबसूरत दृश्य देख सकते हैं।
शोजा, जलोरी पास: शोजा एक बेहद ही खूबसूरत जगह है, जो जलोरी पास के पास बसी हुई है। यहां के देवदार और ओक के जंगलों के बीच में ट्रैकिंग के दौरान आपको प्रकृति से जुड़ाव महसूस हो जाएगा। शांति की चाहत रखने वाले पर्यटकों के लिए ये एक बेहतरीन विकल्प है।
सोनाड, मंडी: हिमाचल के वास्तविक ग्रामीण जीवन का अगर आप अनुभव करना चाहते हैं तो आपको मंडी के छोटे से गांव सोनाड की यात्रा करनी चाहिए। यात्रा के दौरान यहां की प्राकृतिक सुंदरता आपको एक अलग ही अनुभव देगी इसके साथ ही यहां आपको प्राकृतिक दृश्यों का अद्भुत संगम देखने को मिल जाएगा।
क्यों खास हैं ये जगहें?
इन जगहों की सबसे बड़ी खासियत यही है कि यहां आपको शांति मिलती है। ना ज्यादा ट्रैफिक, ना भारी भीड़ और ना ही शहरों जैसा शोर। यहां सिर्फ पहाड़ हैं, ठंडी हवा है और वो सुकून है जिसकी तलाश हर ट्रैवलर को होती है। अगर इस बार हिमाचल घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मशहूर टूरिस्ट स्पॉट्स छोड़कर इन अनदेखी जगहों को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें। हो सकता है यहां जाकर आपको हिमाचल का असली जादू देखने को मिल जाए।
