Heli Tourism Bihar Booking: अगर आप धार्मिक यात्रा के साथ कुछ नया और यादगार अनुभव करना चाहते हैं, तो अब बिहार में इसकी शुरुआत हो चुकी है। कैमूर जिले में स्थित मां मुंडेश्वरी धाम अब हेलीकॉप्टर टूरिज्म से जुड़ गया है। पहली बार हेलीकॉप्टर के जरिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां मुंडेश्वरी के दर्शन किए। इस पहल ने स्थानीय लोगों में भी उत्साह बढ़ा दिया है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - लद्दाख की 6 ऐसी जगह जो है आपकी सोच से परे..
माना जा रहा है कि इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि कैमूर में पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी। खास बात यह है कि अब पटना से सीधे हेलीकॉप्टर के जरिए मां मुंडेश्वरी धाम पहुंचकर दर्शन किए जा सकते हैं। अगर आप वीकेंड पर किसी अलग धार्मिक ट्रिप की योजना बना रहे हैं, तो यह अनुभव आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए। आइए जानते हैं इस नई सुविधा की खास बातें।
पहली बार मां मुंडेश्वरी धाम पहुंचा हेलीकॉप्टर
कैमूर के ऐतिहासिक मां मुंडेश्वरी धाम में पहली बार हेलीकॉप्टर की लैंडिंग हुई। हेलीकॉप्टर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। यह पल स्थानीय लोगों के लिए भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने पहली बार अपने क्षेत्र में इस तरह की धार्मिक पर्यटन सेवा को शुरू होते देखा।
जब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे थे, तब उन्होंने जिले के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं की घोषणा की थी। इन्हीं योजनाओं में हेलीकॉप्टर टूरिज्म भी शामिल था। अब इस सेवा की शुरुआत के साथ वह घोषणा हकीकत बनती नजर आ रही है।
पटना से सीधे मां मुंडेश्वरी धाम की यात्रा
अब श्रद्धालु पटना से हेलीकॉप्टर के जरिए मां मुंडेश्वरी धाम पहुंच सकते हैं। इस सेवा का किराया करीब 6,000 रुपये प्रति यात्री बताया गया है। इससे लंबी सड़क यात्रा का समय बच सकता है और कम समय में दर्शन करना आसान हो सकता है।
ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
इस यात्रा के लिए बुकिंग घर बैठे ऑनलाइन की जा सकती है। इच्छुक श्रद्धालु पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी सीट बुक कर सकते हैं। यात्रा की तारीख, उपलब्धता और अन्य जरूरी जानकारी भी वहीं देखी जा सकती है।
क्यों खास है मां मुंडेश्वरी धाम?
मां मुंडेश्वरी धाम बिहार के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक माना जाता है। पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर अपनी ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अगर आप ऐसी धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं जिसमें आस्था के साथ एक नया ट्रैवल एक्सपीरियंस भी मिले, तो मां मुंडेश्वरी धाम का हेलीकॉप्टर सफर एक शानदार विकल्प हो सकता है। यह सिर्फ समय बचाने का जरिया नहीं, बल्कि बिहार में धार्मिक पर्यटन के बदलते स्वरूप की एक नई शुरुआत भी है।
