Overtourism: हर कोई चाहता है कि उसकी ट्रैवल बकेट लिस्ट में दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहें शामिल हों। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें देखकर लोग टिकट बुक करते हैं, रील बनाते हैं और उन जगहों को अपनी आंखों से देखने निकल पड़ते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर किसी जगह पर जरूरत से ज्यादा लोग पहुंचने लगें, तो उसका क्या होता है?
दुनिया में कई ऐसी मशहूर डेस्टिनेशन हैं, जहां लाखों पर्यटकों की भीड़ अब वरदान नहीं, बल्कि मुसीबत बन चुकी है। कहीं ऐतिहासिक धरोहरें टूट रही हैं, कहीं समुद्री जीवन खतरे में है और कहीं प्रकृति अपनी असली पहचान खो रही है। यही वजह है कि कई देशों को पर्यटकों की संख्या सीमित करनी पड़ रही है। तो कुछ जगहों को अस्थायी रूप से बंद तक करना पड़ा (Overtourism Effects)। आइए जानते हैं उन जगहों के बारे में जिन्हें दुनिया ने इतना पसंद किया कि अब उन्हें बचाने की नौबत आ गई।
1. माचू पिच्चू
पेरू की एंडीज पर्वतमाला में बसा माचू पिच्चू हर ट्रैवलर का सपना होता है। बादलों के बीच मौजूद यह प्राचीन इंका शहर नए सात अजूबों में शामिल है। लेकिन इसकी बढ़ती लोकप्रियता ने इसे मुश्किल में डाल दिया। हर साल लाखों पर्यटक यहां पहुंचने लगे, जिससे ऐतिहासिक संरचनाओं और पहाड़ी रास्तों पर दबाव बढ़ गया। अब यहां तय संख्या में ही लोगों को प्रवेश मिलता है और घूमने के लिए भी सख्त नियम बनाए गए हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - देवशयनी एकादशी से पहले कर लें द्वारकाधीश के दर्शन, देखें ट्रैवल पैकेज
2. डबरोवनिक
अगर आपने 'Game of Thrones' देखी है, तो क्रोएशिया का डबरोवनिक शहर जरूर याद होगा। सीरीज की शूटिंग के बाद यह शहर दुनिया के सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में शामिल हो गया। लेकिन लोकप्रियता की कीमत भी चुकानी पड़ी। हजारों पर्यटकों की रोजाना आवाजाही से सदियों पुरानी दीवारों, पत्थर की सड़कों और ऐतिहासिक इमारतों पर असर पड़ने लगा। अब प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई सख्त कदम उठा चुका है।
3. गालापागोस
इक्वाडोर के तट से दूर स्थित गालापागोस द्वीप अपनी अनोखी वायो डायवर्सिटी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां ऐसे जीव-जंतु और पौधे मिलते हैं, जो पृथ्वी पर कहीं और नहीं पाए जाते। लेकिन लगातार बढ़ते पर्यटन ने इस नाजुक इकोसिस्टम को खतरे में डाल दिया। इसलिए यहां अब सीमित संख्या में पर्यटकों को ही प्रवेश मिलता है और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - फिल्मी लव स्टोरी जैसा हनीमून चाहते हैं? इन डेस्टिनेशन्स पर सबसे ज्यादा फिदा हैं सेलेब कपल्स
4. माया बे
थाईलैंड का माया बे फिल्म The Beach के बाद दुनियाभर के ट्रैवलर्स की पसंद बन गया। इंस्टाग्राम और ट्रैवल व्लॉग्स ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया। नतीजा यह हुआ कि हर दिन हजारों पर्यटक और सैकड़ों नावें यहां पहुंचने लगीं। इससे कोरल रीफ को भारी नुकसान हुआ और समुद्री जीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित होने लगा। हालात इतने बिगड़े कि सरकार को बीच को कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा।
5. वेनिस
इटली का वेनिस अपनी नहरों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए मशहूर है। लेकिन आज यह शहर ओवरटूरिज्म का सबसे बड़ा उदाहरण माना जाता है। लाखों पर्यटकों की वजह से स्थानीय लोगों की जिंदगी प्रभावित हो रही है। इसी कारण यहां बड़े क्रूज़ जहाजों के प्रवेश पर रोक लगाई गई और कई पर्यटकों के लिए एंट्री फीस भी लागू की गई है।
