टेक एंड गैजेट्स

बिना इंटरनेट लाइव टीवी, दुनिया का पहला D2M फोन लॉन्च, जानें कैसे काम करेगी यह टेक्नोलॉजी

D2M (Direct-to-Mobile) का नाम तो आपने सुना ही होगा। अब इस टेक्नोलॉजी के साथ दुनिया का पहला फोन लॉन्च हो गया है जिसे भारत की एक कंपनी ने तैयार किया है। आइए समझते हैं कि आखिर D2M है क्या?

Image

WHAT IS D2M

भारत में आने वाले वर्षों में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने का तरीका बदल सकता है। खासकर उन यूजर्स के लिए जो अभी भी कीपैड यानी फीचर फोन का इस्तेमाल करते हैं। अब ऐसे फोन में भी टीवी देखने की सुविधा मिल सकती है। घरेलू कंपनी Khush Tech Korea ने दुनिया का पहला D2M (Direct-to-Mobile) फीचर फोन बनाने का दावा किया है। कंपनी के अनुसार, यह फोन कोरिया में डिजाइन किया गया है और इसका निर्माण भारत में किया जा रहा है। इस फोन की खास बात यह है कि इसमें बिना इंटरनेट या Wi-Fi के सीधे लाइव टीवी चैनल देखे जा सकेंगे।

फोन में लगा है टीवी सिग्नल पकड़ने वाला एंटीना

D2M फीचर फोन में टीवी सिग्नल रिसीव करने के लिए इन-बिल्ट एंटीना दिया गया है। यूजर इसे जरूरत के अनुसार बाहर निकालकर बेहतर सिग्नल प्राप्त कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि ATSC 3.0 तकनीक की मदद से यह फोन बिना मोबाइल डेटा खर्च किए लाइव टीवी और फ्री चैनल चला सकता है।

Khush Tech Korea D2M फीचर फोन के स्पेसिफिकेशन

इस फोन में 2G और 4G LTE नेटवर्क सपोर्ट दिया गया है। हालांकि इसमें 5G कनेक्टिविटी नहीं मिलेगी। फोन में दो नैनो SIM लगाने की सुविधा, ATSC 3.0 D2M तकनीक, लाइव टीवी देखने की सुविधा, इन-बिल्ट एंटीना 2.4 इंच QVGA TFT डिस्प्ले मिलते हैं। फोन का डिस्प्ले 320x240 पिक्सल रेजॉल्यूशन के साथ आता है। इसका फ्रंट ग्लास से बना है, जबकि फ्रेम और बैक पैनल प्लास्टिक का है। फोन का वजन करीब 220 ग्राम है।

क्या है Direct-to-Mobile (D2M) तकनीक?

D2M एक ऐसी तकनीक है जिसमें मोबाइल फोन सीधे ब्रॉडकास्ट सिग्नल रिसीव कर सकता है। यह कुछ हद तक वैसे ही काम करती है जैसे मोबाइल में FM रेडियो चलता है, जहां फोन के अंदर मौजूद रिसीवर रेडियो फ्रीक्वेंसी पकड़ता है। इस तकनीक के जरिए वीडियो, लाइव टीवी और अन्य मल्टीमीडिया कंटेंट सीधे मोबाइल तक पहुंचाया जा सकता है।

बिना इंटरनेट डेटा खर्च किए चलेगा कंटेंट

D2M तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें वीडियो देखने के लिए मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। इससे यूजर्स बिना डेटा खर्च किए लाइव न्यूज, स्पोर्ट्स और अन्य वीडियो कंटेंट देख सकेंगे। यह तकनीक खासकर ग्रामीण इलाकों के लिए फायदेमंद हो सकती है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी सीमित होती है।

आपदा और जरूरी सूचनाओं में भी मददगार

D2M तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उपयोग नागरिकों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने, आपातकालीन अलर्ट जारी करने और आपदा प्रबंधन में भी किया जा सकता है। इसके अलावा सरकार और संस्थाएं इसका इस्तेमाल फर्जी खबरों को रोकने और सही जानकारी तेजी से पहुंचाने के लिए भी कर सकती हैं।

उपभोक्ताओं और कंपनियों के लिए बदल सकता है बाजार

अगर D2M तकनीक बड़े स्तर पर सफल होती है तो यूजर्स कम कीमत में वीडियो और टीवी कंटेंट देख पाएंगे। OTT और वीडियो ऑन डिमांड सेवाओं का इस्तेमाल भी कम डेटा खर्च में संभव हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है, जिनके पास तेज इंटरनेट की सुविधा नहीं है। आने वाले समय में D2M फीचर फोन मोबाइल और टीवी देखने के अनुभव को एक नई दिशा दे सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article