टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp चैट करने के लिए नहीं होगी अकाउंट की जरूरत, कंपनी की प्लानिंग ने मचाया तहलका

गेस्ट चैट में भी प्लेटफॉर्म का एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन लागू रहेगा। जब कोई गेस्ट चैट में शामिल होगा, तो WhatsApp Web एक यूनिक पहचान बनाता है, जिसके जरिए उस चैट के लिए एन्क्रिप्शन की बनाई जाती है। इससे मैसेज सुरक्षित रहते हैं।

Image

WhatsApp ला रहा नया फीचर, बिना व्हाट्सऐप अकाउंट के भी होगी चैट

लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp जल्द ही एक नया फीचर लाने की तैयारी में है, जिसकी मदद से यूजर ऐसे लोगों को भी मैसेज भेज सकेंगे जिनके पास WhatsApp अकाउंट नहीं है। इस फीचर को Guest Chats नाम दिया गया है। फीचर ट्रैकर WABetaInfo के अनुसार यह सुविधा फिलहाल एंड्रॉयड और iOS के कुछ बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है।

लिंक के जरिए चैट में जुड़ सकेंगे गेस्ट यूजर

Guest Chats फीचर के तहत यूजर एक सुरक्षित वेब लिंक के जरिए किसी व्यक्ति को चैट में आमंत्रित कर सकते हैं। लिंक मिलने के बाद सामने वाला व्यक्ति बिना WhatsApp अकाउंट बनाए ही चैट में शामिल होकर मैसेज भेज और प्राप्त कर सकता है। ऐसी चैट में उस व्यक्ति के नाम के साथ “Guest” का लेबल दिखाई देगा, जिससे पहचान हो सके कि वह WhatsApp का रजिस्टर्ड यूजर नहीं है।

ऐसे बनाया जा सकेगा इनवाइट लिंक

रिपोर्ट के मुताबिक यूजर ऐप के “Invite a friend” सेक्शन या कॉन्टैक्ट लिस्ट के नीचे दिए गए विकल्प से गेस्ट चैट का लिंक बना सकते हैं। इसके बाद यह लिंक SMS, ईमेल या अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए साझा किया जा सकता है। लिंक मोबाइल फोन या डेस्कटॉप ब्राउजर दोनों पर खोला जा सकेगा।

सीमित फीचर्स के साथ मिलेगा गेस्ट चैट

चूंकि यह एक अस्थायी मैसेजिंग सुविधा होगी, इसलिए इसमें सीमित फीचर्स ही उपलब्ध होंगे। उदाहरण के तौर पर गेस्ट चैट में ग्रुप चैट, फोटो-वीडियो या अन्य फाइल भेजने जैसे मीडिया शेयरिंग विकल्प नहीं होंगे। इसके अलावा वॉइस कॉल और वीडियो कॉल की सुविधा भी इसमें शामिल नहीं होगी।

एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन रहेगा सुरक्षित

रिपोर्ट के अनुसार गेस्ट चैट में भी प्लेटफॉर्म का एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन लागू रहेगा। जब कोई गेस्ट चैट में शामिल होगा, तो WhatsApp Web एक यूनिक पहचान बनाता है, जिसके जरिए उस चैट के लिए एन्क्रिप्शन की बनाई जाती है। इससे मैसेज सुरक्षित रहते हैं।

10 दिन बाद अपने आप खत्म हो जाएगी चैट

Guest Chats स्थायी नहीं होंगे। अगर किसी चैट में 10 दिनों तक कोई गतिविधि नहीं होती है, तो वह अपने आप खत्म हो जाएगी। इसके बाद बातचीत जारी रखने के लिए यूजर को नया इनवाइट लिंक बनाना होगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article