वॉट्सऐप दुनिया भर में इंस्टेंट मैसेजिंग के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। करीब 4 बिलियन से अधिक इसका इस्तेमाल करते हैं। अपने करोड़ों यूजर्स की सहूलियत के लिए कंपनी समय-समय पर नए फीचर्स लाती रहती है। अब वॉट्सऐप का इस्तेमाल सिर्फ चैटिंग के लिए ही नहीं किया जाता बल्कि हमारी डेली रूटीन लाइफ के कई सारे काम भी अब इस पर ही निर्भर हो चुके हैं। WhatsApp ने अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई शानदार फीचर्स लॉन्च किए हैं।
नए फीचर्स वॉट्सऐप यूजर्स के कई सारे मुश्किल काम को आसान बनाने वाले हैं। सबसे बड़ा फायदा iPad (आईपैड) इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को हुआ है। अब iPad पर WhatsApp चलाने के लिए पास में फोन का होना जरूरी नहीं होगा।
पहले iPadOS पर अलग से WhatsApp अकाउंट बनाने का ऑप्शन नहीं था। यूजर्स को फोन के जरिए अपने iPad को केवल एक 'सेकेंडरी डिवाइस' के रूप में लिंक करना पड़ता था। नए अपडेट के बाद अब यूजर्स सीधे अपने iPad से ही नया अकाउंट बना सकते हैं और इसे 'प्राइमरी डिवाइस' की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। वॉट्सऐप के इस नए फीचर्स से लाखों आईपैड यूजर्स को बड़ी सहूलियत मिलने वाली है।
गाड़ियों की टच स्क्रीन पर भी चलेगा WhatsApp
WhatsApp ने गाड़ियों के लिए भी नया फीचर पेश किया है। अब ड्राइव करते समय यूजर्स अपनी कार की टच स्क्रीन डिस्प्ले के जरिए ही मैसेज देख सकेंगे, उनका जवाब दे सकेंगे और कॉल/कॉन्टैक्ट कनेक्ट कर सकेंगे।
WhatsApp Web पर PDF एडिटिंग
कंपनी ने WhatsApp Web और डेस्कटॉप यूजर्स के लिए भी एक काम का फीचर जारी किया है। अब किसी रिसीव्ड PDF फाइल को देखने या उसमें छोटे-मोटे बदलाव (एडिटिंग) करने के लिए उसे डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐप के भीतर ही यह काम सीधे हो जाएगा। ध्यान दें कि यह सुविधा केवल वेब/डेस्कटॉप वर्जन के लिए है, मोबाइल ऐप के लिए नहीं।
