इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने वेब वर्जन को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp Web यूजर्स के लिए अब ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। यह सुविधा फिलहाल कुछ चुनिंदा बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है और आने वाले हफ्तों में इसे ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाया जा सकता है।
WhatsApp Web पर ग्रुप कॉलिंग की सुविधा
फीचर ट्रैकर WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp Web पर अब यूजर्स सीधे ब्राउजर से ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉल शुरू कर सकेंगे। इससे पहले फरवरी में WhatsApp ने वेब वर्जन पर वन-टू-वन वॉइस और वीडियो कॉलिंग की सुविधा शुरू की थी, लेकिन ग्रुप कॉलिंग का विकल्प उपलब्ध नहीं था। नए अपडेट के बाद यूजर्स किसी भी ग्रुप चैट को खोलकर ऊपर दिए गए कॉल बटन से वॉइस या वीडियो कॉल शुरू कर पाएंगे।
यूजर्स चुन सकेंगे कॉल में शामिल लोग
रिपोर्ट के अनुसार, इस फीचर में यूजर्स को यह सुविधा भी मिलेगी कि वे ग्रुप के सभी सदस्यों को कॉल में जोड़ने के बजाय सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही शामिल कर सकें। इससे बड़े ग्रुप में कॉल मैनेज करना आसान होगा। WhatsApp Web ग्रुप कॉल में अधिकतम 32 लोग शामिल हो सकेंगे। यह लिमिट WhatsApp के मोबाइल और डेस्कटॉप एप वर्जन में उपलब्ध ग्रुप कॉलिंग क्षमता के समान है।
कॉल लिंक और वेटिंग रूम का सपोर्ट
नए फीचर के साथ WhatsApp Web पर कॉल लिंक बनाने का विकल्प भी मिल सकता है। यूजर्स एक खास लिंक बनाकर उसे अन्य लोगों के साथ शेयर कर सकेंगे, जिसके जरिए वे कॉल में शामिल हो पाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, ये कॉल लिंक 30 दिनों तक इस्तेमाल नहीं होने पर अपने आप एक्सपायर हो सकते हैं। इसके अलावा यूजर्स कॉल में शामिल होने वालों पर ज्यादा नियंत्रण के लिए वेटिंग रूम फीचर भी इस्तेमाल कर पाएंगे।
वीडियो कॉल में स्क्रीन शेयरिंग की सुविधा
WhatsApp Web पर ग्रुप वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयरिंग का फीचर भी मिलेगा। इसके जरिए यूजर्स ब्राउजर से ही डॉक्यूमेंट, प्रेजेंटेशन या अन्य कंटेंट शेयर कर सकेंगे, हालांकि स्क्रीन शेयरिंग सुविधा सिर्फ वीडियो कॉल में उपलब्ध होगी और वॉइस कॉल में इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन रहेगा जारी
WhatsApp Web पर होने वाली ग्रुप कॉल भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगी। यानी कॉल के दौरान बातचीत और डेटा को सुरक्षित रखने के लिए वही सिक्योरिटी सिस्टम इस्तेमाल होगा जो WhatsApp मैसेज और अन्य कॉल में मिलता है।
Linux यूजर्स को मिलेगा ज्यादा फायदा
यह अपडेट खासतौर पर उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो WhatsApp Web का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, Linux यूजर्स को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिल सकता है क्योंकि WhatsApp की ओर से इस प्लेटफॉर्म के लिए अभी अलग डेस्कटॉप एप उपलब्ध नहीं है। फिलहाल यह फीचर बीटा टेस्टिंग में है और WhatsApp ने इसके सभी यूजर्स के लिए जारी होने की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है।
