ब्रॉडबैंड में मोबाइल डेटा की तुलना में कहीं अधिक इंटरनेट स्पीड मिलती है। तेज डेटा स्पीड के साथ साथ ही ब्रॉडबैंड में मोबाइल रिचार्ज प्लान की तुलना में कई गुना अधिक डेटा की भी सुविधा मिलती है। हालांकि कई बार ऐसा होता है कि ब्रॉडबैंड कनेक्शन लेने के बाद भी हमें हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं मिल पाती है। कई बार ऐसा होता है कि हमने ब्रॉडबैंड कनेक्शन में अच्छा प्लान भी लिया होता है लेकिन इसके बावजूद हमें घर में सभी जगह पर अच्छी इंटरनेट स्पीड नहीं मिल पाती है। अगर आपको ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो अब आपकी टेंशन खत्म होने वाली है।
ब्रॉडबैंड कनेक्शन में इस्तेमाल होने वाले राउटर की फ्रिक्वेंसी पर बहुत कुछ निर्भर करता है कि इंटरनेट डेटा की स्पीड कितनी दूर तक मिलेगी। हालांकि कई बार यह देखा गया है कि Wi-Fi 7 और Wi-Fi 8 जैसे एडवांस राउटर लगाने के बाद भी हमें घर के सभी जगहों पर समान इंटरनेट स्पीड नहीं मिल पाती है। आपको बात दें कि इस समस्या को खत्म करने में आपका पुराना एंड्रॉयड स्मार्टफोन आपकी बड़ी मदद करने वाला है।
पुराना स्मार्टफोन Wi-Fi Extender का काम करेगा
पुराने फोन को रीयूज करने के कई तरीके हैं, जिनमें से एक इसे वाईफाई एक्सटेंडर के रूप में इस्तेमाल करना है। इस तरीके में आपका फोन घर के वाईफाई सिग्नल को पकड़कर उसे फिर से ब्रॉडकास्ट करता है। आसान भाषा में आपको समझाएं तो यह पुराना स्मार्टफोन हॉटस्पाट की तरह काम करेगा। हालांकि इस दौरान यह डेटा की बजाय वाईफाई डेटा का उपयोग करेगा। इसमें आपको मेश सिस्टम की तरह पावरफुल कनेक्शन नहीं मिलेगा लेकिन आप एक डिवाइस को आसानी से कनेक्ट कर पाएंगे।
फोन को Wi-Fi Extender कैसे बनाएं?
पुराने स्मार्टफोन को Wi-Fi Extender में बदलना बहुत आसान है। सबसे पहले पुराने एंड्रॉयड फोन को वाईफाई से कनेक्ट करें। इसके बाद मोबाइल हॉटस्पॉट ऑन कर दें। इससे एक नया वाईफाई नेटवर्क बन जाएगा, जिस से दूसरे डिवाइस भी कनेक्ट हो सकेंगे।
सुविधा के लिए हॉटस्पॉट का ऑटोमैटिकली बंद होने वाला ऑप्शन ऑफ कर दें, ताकि कोई डिवाइस कनेक्ट न होने पर भी फोन एक सामान्य Wi-Fi Extender की तरह काम करता रहे। जरूरत के अनुसार आप इसे 2.4GHz और 5GHz नेटवर्क पर भी स्विच कर सकते हैं।
