टेक एंड गैजेट्स

TRAI New Rules: 1600 नंबर से आने वाली कॉल अब नहीं होगी ब्लॉक, 140 के लिए भी लागू हुआ नया नियम

TRAI के अनुसार, 1600 सीरीज से आने वाली कॉल को स्पैम बताकर ब्लॉक नहीं किया जा सकेगा। यह नंबर सीरीज सरकारी विभागों और आम लोगों के बीच जरूरी जानकारी और संपर्क के लिए इस्तेमाल होती है। इसलिए इन कॉल्स पर अलग नियम लागू किए गए हैं।

Image

सरकार ने हाल ही में ट्रूकॉलर को 1600 नंबर सीरीज को स्पैम लिस्ट से हटाने के निर्देश दिए थे।

अगर आपके मोबाइल पर 1600 या 140 सीरीज से कॉल आती है, तो अब किसी भी ऐप के जरिए उसे स्पैम या फ्रॉड बताकर ब्लॉक नहीं किया जा सकेगा। TRAI ने साफ किया है कि इन दोनों नंबर सीरीज के लिए अलग नियम बनाए गए हैं। इसलिए कोई भी कॉल-फिल्टर या स्पैम पहचानने वाला ऐप अपनी तरफ से इन नंबरों को स्पैम या फ्रॉड के रूप में टैग या ब्लॉक नहीं कर सकता।

ट्राई के मुताबिक, 1600 नंबर का इस्तेमाल बैंक, बीमा कंपनियां और वित्तीय संस्थाएं अपने ग्राहकों को खाते, लेनदेन, ओटीपी, सेवा और दूसरी जरूरी जानकारी देने के लिए करती हैं। इसके अलावा, सरकारी विभाग भी नागरिकों से संपर्क करने के लिए इसी नंबर शृंखला का उपयोग करते हैं। इसलिए इन कॉल को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखने के लिए इन्हें ब्लॉक या फिल्टर करने की अनुमति नहीं है।

140 नंबर सीरीज के लिए नया नियम

वहीं, 140 नंबर से आने वाली कॉल पंजीकृत टेलीमार्केटिंग कंपनियों की प्रचार (मार्केटिंग) कॉल होती हैं। ट्राई ने साफ किया है कि इन कॉल को भी कोई ऐप ब्लॉक या स्पैम के रूप में मार्क नहीं कर सकता। अगर कोई व्यक्ति ऐसी प्रचार कॉल नहीं चाहता, तो उसे 'डू नॉट डिस्टर्ब' (DND) सेवा में अपना नंबर रजिस्टर कराना होगा।

DND में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद उपभोक्ता अपनी पसंद के अनुसार किसी एक क्षेत्र या सभी तरह की प्रचार कॉल बंद कर सकते हैं। अगर किसी श्रेणी की कॉल बंद कर दी गई है, तो उस श्रेणी से 140 नंबर की कॉल नहीं आएगी। ट्राई ने बताया कि डीएनडी रजिस्ट्रेशन TRAI DND ऐप समेत कई माध्यमों से कराया जा सकता है।

नंबर को ब्लॉक करने के बढ़े मामले

इस बीच, Truecaller के सीईओ ऋषित झुनझुनवाला ने कहा कि 140 और 1600 नंबर से आने वाली स्पैम कॉल में काफी बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार, हर दिन इन नंबरों से आने वाली 5.1 करोड़ से ज्यादा कॉल लोग उठाते ही नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2025 के बाद से 1600 नंबर की कॉल को मैन्युअली ब्लॉक करने के मामलों में 208% की बढ़ोतरी हुई है। पिछले आठ महीनों में लोगों ने 1600 नंबर की 7.4 करोड़ से ज्यादा कॉल खुद ब्लॉक की हैं। फिलहाल ट्रूकॉलर यूजर्स रोजाना करीब 4 लाख 140 नंबर और 1.25 लाख 1600 नंबर की कॉल ब्लॉक कर रहे हैं।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article